रामनगर बगहा में लग रहे खड़ंजे की घटिया ईट को तोड़ता ग्रामीण। संवाद
लखीमपुर। विकास खंड क्षेत्र के एक गांव में खड़ंजा निर्माण में घटिया ईंट लगाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और काम बंद करवा दिया। इसका वीडियो वायरल हो गया।
रमियाबेहड़ क्षेत्र के गांव रामनगर बगहा में सूरजलाल के घर से छन्नू के घर तक लगाए जा रहे 400 मीटर खड़ंजा कार्य में ग्रामीणों ने ठेकेदार द्वारा पीला ईंट लगाने का आरोप लगाते हुए काम बंद करवा दिया। खड़ंजे में लगाई जा रही पीला ईंट मामूली चोट में भूसे की तरह बिखर रही थी। ईंट तोड़ते हुए ग्रामीण का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
ग्रामीण मोहित तिवारी ने बताया कि खड़ंजा निर्माण में मानकों को ताक पर रखकर पीला ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही खड़ंजा लगाते समय ईंटों के बीच में काफी गैप रखकर ईंट लगाते हुए गैप को भरने के लिए मिट्टी डाली जा रही है। ग्रामीणों ने सड़क को समतल करके निर्धारित मानक के अनुसार खड़ंजा लगाने की मांग की है।
जेई अमरदीप कसाना ने बताया कि वह दीपावली से अवकाश पर हैं। खड़ंजा निर्माण में मानकों के विपरीत घटिया ईंट लगाए जाने की सूचना मिली है। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) डॉ. सुशांत सिंह ने बताया कि खड़ंजा निर्माण में यदि मानक के विपरीत घटिया सामग्री लगाई गई है तो उसको सही कराया जाएगा।