शिव मंदिर कॉरिडोर में कैफेटेरिया निर्माण के लिए को खोदी गई नींव। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। सावन के मद्देनजर शिव मंदिर कॉरिडोर के निर्माण में तेजी आ गई है। कानपुर धर्मशाला परिसर में कैफेटेरिया का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है।
छोटी काशी में सावन माह का विशेष महत्व है। सावन में यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु, कांवड़िए पौराणिक शिव मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं। सावन शुरू होने में डेढ़ माह शेष हैं। इससे पूर्व तीर्थ और शिव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्माण कार्य में तेजी आ गई है। कार्यदाई संस्था यूपीपीसीएल की प्राथमिकता है कि सावन से पूर्व गोकर्ण तीर्थ, रिटेनिंग, बाउंड्रीवॉल, पानी निकास के लिए नाला-नाली, मार्ग निर्माण पूर्ण हो जाए। इसी क्रम में तीर्थ के पश्चिमी और दक्षिणी कोने पर कार्यवाही संस्था का अस्थायी कार्यालय भी बनाया जा रहा है।
इधर, शिव मंदिर के निकट कानपुर धर्मशाला परिसर में 15 गुणा 34 वर्ग मीटर में तीन मंजिला कैफेटेरिया जिसमें एक यात्री हाल भी रहेगा, का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। जेई विवेक बाजपेई ने बताया कि सावन से पूर्व श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है।