दुधवा कर्मियों का आंदोलन नवें दिन भी जारी रहा। उन्होंने दुधवा कैंपस पहुंचकर डीएम के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया। कर्मचारी नवें दिन भी अपनी मांगों पर अड़े रहे और कहा कि आंदोलन तभी खत्म करेंगे जब डीएम पर कार्रवाई हो जाएगी।
दुधवा के जिप्सी चालकों ने डीएम के इशारे पर उनकी जिप्सियों को उठा ले जाने और फिर उन्हें सीज करने समेत किशनपुर में कर्मियों की पिटाई आदि का आरोप लगाते हुए 28 जनवरी से कार्य बहिष्कार कर रखा है। इसके चलते करीब दो दिन दुधवा नेशनल पार्क में सैलानियों को पार्क भ्रमण नहीं कराया जा सका था। माहौल को देखते हुए डीडी पीपी सिंह ने सरकारी वाहनों को लगाकर पर्यटन शुरू करा दिया था लेकिन जिप्सी चालकों, गाइडों और दैनिक कर्मियों के दबाव के चलते सरकारी वाहनों के चालकों ने भी कार्य से इंकार कर दिया था। इसके बाद पार्क के प्रमुख संगठन फेडरेशन आफ फारेस्ट एसोसिएशन ने भी धरने पर बैठे कर्मचारियों को अपना समर्थन दे दिया।
शुक्रवार को नौवें दिन भी कर्मचारियों का धरना पूर्व की तरह जारी रहा। दुधवा कैं पस पहुंचकर कर्मचारियों ने नारेबाजी के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रामकुमार ने बताया कि संगठन के सभी कर्मचारी अपनी बात पर कायम हैं और जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक वह धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे।
आज कर सकते हैं शस्त्र जमा
फेडरेशन आफ फारेस्ट ने चेतावनी दी थी कि मामले में कार्रवाई न हुई तो वह छह फरवरी को शस्त्र जमा कर देंगे। शुक्रवार को इस मामले में कोई भी प्रक्रिया या कार्रवाई नजर नहीं आई जिससे कि शनिवार को उनके शस्त्र जमा करने की संभावना दिखाई दे रही है।
पार्क में पसरा है सन्नाटा
दुधवा कर्मियों की हड़ताल के चलते परिसर में सन्नाटा है। साथ ही पर्यटक भी इस हड़ताल के चलते दुधवा की तरफ आकर्षित नहीं हो पा रहे हैं। पर्यटकों के न आने से दुधवा कैम्पस, स्वागत कक्ष तथा कैंटीन में भी सन्नाटा पसर गया है।
अधिकारियों की कोशिशें हो रही नाकाम
दुधवा नेशनल पार्क में जारी कर्मियों की हड़ताल को खत्म करने के लिए पार्क अधिकारी लगातार उनपर दबाव बना रहे हैं लेकिन उसमें उनको कामयाबी नहीं मिल पा रही है।
हो सकता है और जिलों में भी आंदोलन
डीएम के खिलाफ चल रहे आंदोलन को जल्द ही और गति मिल सकती है। स्थानीय पदाधिकारियों ने उच्च पदाधिकारियों से संपर्क साधा है जल्द ही वे यहां आएंगे और यहां आने के बाद सहमति बनी तो आंदोलन को कई और जिलों तक पहुंचाया जाएगा।