दोपहर बाद शुरू हुई झमाझम बारिश। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। रविवार को सुबह से मौसम में उतार-चढ़ाव चला, लेकिन शाम को मौसम में अचानक बदलाव आया। इससे चारों ओर घने काले बादल छा गए। शाम पांच से ही अंधेरा छा गया, जिससे वाहन चालकों को गाड़ी की लाइट जलानी पड़ी। कुछ देर बाद झमाझम बारिश हुई, जो कभी तेज और कभी धीमी गति से होती रही। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को भी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
अगस्त माह में जुलाई के मुकाबले अभी कम ही बारिश हुई है, जिससे गर्मी और उमस बढ़ी है। हालांकि मौसम में कई बार बदलाव हुआ और मौसम विभाग ने भी अच्छी बारिश का अलर्ट दिया लेकिन अच्छी बारिश नहीं हुई थी। रविवार की शाम को झमाझम बारिश होने से कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेेगी। वहीं खेतों की भी सिंचाई हो गई है, जिससे किसानों के चेहरे खिल गए। कुछ किसानों ने बारिश से पहले खेतों में पंपिंग सेट से पानी लगाया था, वो अफसोस जताते नजर आए। मौसम विज्ञान आंचलिक केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अभी दो दिनों तक बारिश होने के आसार रहेंगे। मंगलवार से मौसम साफ हो जाएगा।
पलिया-मझगईं। रविवार सुबह से उमड़ घुमड़ रहे बादल आखिरकार दोपहर बाद एक बजे से खूब झूमकर बरसे। दोपहर 1:20 बजे से शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। जिससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं किसानों की फसलें लहलहा उठीं।
अमीरनगर। रविवार को दिन में दो बजे हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। संवाद