पलिया के कचनारा गांव में सड़क पर भरे पानी से होकर गुजरता युवक। संवाद
पलियाकलां। क्षेत्र की मझौरा ग्राम पंचायत के कचनारा गांव में सफाई व्यवस्था ठीक न होने के कारण मामूली बरसात में नालियों का गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। इससे सड़क नाले का रूप ले लेती है। ग्रामीणों ने बताया कि इसको लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन ग्राम प्रधान से लेकर उच्चाधिकारी तक इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।
ग्रामीण सुधीर शर्मा, महेश, मोहित, विकास आदि ने बताया कि नालियों की महीनों से सफाई नहीं हुई है। नालियां भी सड़क से कुछ ऊंची बनी हुईं हैं, जिसके कारण मामूली बारिश में नालियां ओवरफ्लो हो जाती हैं और गंदे पानी से होकर ग्रामीणों को निकलना पड़ता है। ग्रामीणों ने जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
ममरी कस्ता मार्ग पर जलभराव, राहगीर परेशान
भीखमपुर। ममरी-कस्ता मार्ग पर जलभराव होने से राहगीर और दुकानदार परेशान हैं। थोड़ी सी बरसात होने पर सड़क पर पानी भर जाता है। जलभराव के चलते तेज गति से निकलने वाले वाहनों से गंदा पानी दूर-दूर तक राहगीरों पर गिरता है। जलभराव के चलते दोनों किनारों पर फुटकर दुकानदार और ठेला लगाने वाले भी परेशान रहते हैं। कस्बे के अतुल दुबे, पवन कुमार मिश्रा, छोटे त्रिवेदी, कुलदीप त्रिवेदी, संदीप मिश्रा और अवनीश अवस्थी समेत कई दुकानदारों ने जलभराव वाली सड़क को ऊंची करके फिर से बनाने की मांग की है। संवाद