बांकेगंज। ब्लॉक मुख्यालय पर जून में लगाए गए शिविर में आवेदन करने वाले अभिभावक, बच्चों के प्रमाणपत्र जारी न होने से दर-दर भटक रहे हैं।
एडीएम के निर्देश पर परिषदीय स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले नौनिहालों के जन्म प्रमाणपत्र बनाने की सुविधा के लिए संबंधित ब्लॉकों में शिविर लगाए गए थे। इसके तहत बांकेगंज ब्लॉक मुख्यालय पर मध्य जून में तीन दिवसीय शिविर लगाया गया था। इसमें जिन बच्चों के प्रमाणपत्र नहीं बने थे, उनके अभिभावकों ने सरकारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवेदनपत्र जमा कर दिए थे।
15 दिन बीतने पर भी अभिभावकों को जन्म प्रमाणपत्र नहीं मिले सके हैं। इस वजह से उनके बच्चों के आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इसको लेकर वह परेशान है। उधर, बीईओ राकेश कुमार ने बताया कि 153 अभिभावकों ने आवेदन किए थे। सभी आवेदकों की पत्रावली तैयार कर ली गई थी।
बीडीओ आरके अहिरवार ने बताया कि शिविर में आए आवेदनों की सभी पत्रावली तहसील भेजी गईं हैं। एसडीएम गोला युगांतर त्रिपाठी ने बताया कि जन्म प्रमाणपत्र की जो भी पत्रावली आई हैं, उनके प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे हैं।