लखीमपुर खीरी। जिले में राशन कार्डों के सत्यापन अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है। जिला पूर्ति विभाग ने तीन महीनों में 34,800 से अधिक अपात्र लोगों के राशन कार्ड निरस्त कर दिए हैं।
नवंबर से जनवरी तक चले सत्यापन अभियान में ऐसे लोग चिह्नित किए गए, जो आयकरदाता हैं और कार से चलते हैं या पिछले पांच महीनों से राशन नहीं ले रहे थे। इनके नाम सूची से हटाकर पात्र लाभार्थियों को जोड़ा गया।
जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि नए राशन कार्ड जारी करने में खीरी जनपद प्रदेश में पहले स्थान पर है। दिव्यांगजनों और निराश्रित महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर नए कार्ड जारी किए गए हैं। साथ ही सभी कार्डधारकों की ई-केवाईसी कराई गई है, जिनकी ई-केवाईसी नहीं हुई, उनका राशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
अभियान के बाद पात्र जरूरतमंदों को योजना का लाभ सुनिश्चित कराने पर जोर दिया जा रहा है।