थाना क्षेत्र के एक स्थान पर बिक्री के लिए रखी गई कच्ची शराब। सोशल मीडिया
ममरी। हैदराबाद थाना और पुलिस चौकी अजान क्षेत्र के कई गांवों में कच्ची शराब का अवैध धंधा कुटीर उद्योग की तरह पनप रहा है, लेकिन पुलिस इसे रोक पाने में विफल साबित हो रही है। हालात ये हैं कि युवा वर्ग नशे की लत में जकड़ता जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, ग्राम रामखेड़ा, शहाबुद्दीनपुर, उदयपुर, भावदा ग्रंट, किरतापुर, देवीपुर, मढ़िया सड़क, रामपुर तकिया, रैन खेड़ा, छिछौना, कैमहरा सहित कई स्थानों में कच्ची शराब की बिक्री 20 से 30 रुपये बोतल की दर से हो रही है। इसी कारण क्षेत्र में चोरी व झगड़े की घटनाएं बढ़ रही हैं।
थाना प्रभारी प्रबीर गौतम का कहना है कि जब भी अभियान चलाया जाता है तो सैकड़ों लीटर शराब बरामद होती है, लेकिन अवैध धंधे में संलिप्त लोग भागने में सफल हो जाते हैं। अब आबकारी विभाग की टीम के साथ अभियान चलाया जाएगा।