लखीमपुर खीरी। सर्दी के मौसम में प्यास नहीं लगती है, जिसकी वजह से लोग पानी कम पीते है। कम पानी पीने से शरीर में कई समस्याएं बढ़ जाती हैं। अस्पतालों में इन दिनों डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ी है। डिहाइड्रेशन भी कम पानी पीने की वजह से होता है।
जिला अस्पताल के साथ ही सीएचसी, पीएचसी, आयुष्मान मंदिर के साथ ही निजी अस्पतालों में डिहाइड्रेशन के मरीज पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. रोहित पाठक ने बताया कि सामान्य व्यक्ति को कम से कम तीन से चार लीटर पानी पीना चाहिए, लेकिन इस सर्दी में लोग एक लीटर भी पानी नहीं पीते।
जिसका असर सीधे लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। इसकी वजह से लोग डिहाइड्रेशन के शिकार हो रहे हैं। सर्दियों में डिहाइड्रेशन से बचना है तो पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। सर्दी में अक्सर पानी ठंडा रहता है, जिसकी वजह से लोग पी नहीं पाते हैं। ऐसे में गुनगुना पानी पीना चाहिए।
-
ये होती हैं समस्याएं
सिरदर्द, थकान, सांसों में बदबू, त्वचा का रूखापन, त्वचा का लाल होना, मांसपेशियों में ऐंठन, ठंड लगना, बुखार, पेशाब का रंग गाढ़ा, पेशाब पीला या भूरा होना, पेशाब की गंध तेज होना आदि समस्या हो जाती है।
-
इसका रखें ध्यान
पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।
मौसमी फल और सब्ज़ियाें को सेवन करें।
सुबह उठते ही सबसे पहले पानी पीएं।