ब्लाक क्षेत्र में बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आलम यह है कि क्षेत्र पंचायत की 50 ग्राम पंचायतों के मजरों में मच्छरजनित बीमारियों और संक्रामक रोगो का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। इसके चलते सैकड़ों परिवार चपेट में आ कर जूझ रहे हैं। बावजूद इसके स्थानीय स्वास्थ्य विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इसको लेकर इलाकाई लोगों में रोष है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद माहेश्वरी, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कृष्ण कुमार मिश्र, ग्रंट नंबर दस किसान सेवा समिति अध्यक्ष ब्रज किशोर मिश्र, ग्रामीण कृष्ण कुमार दिवाकर, हरीकिशन अग्रवाल, इरफान अली, किशोरी लाल, प्रमोद कुमार आदि ने आरोप लगाया कि ब्लाक क्षेत्र के मजरों खैरताली, कोठीपुर, दौलतपुर, पसियापुर आदि में मच्छरजनित और संक्रामक बीमारियां तेजी फैल रही हैं। बावजूद इसके स्थानीय सेहत महकमा कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। इलाज के लिए सीएचसी पहुंचने वाले लोगों को डॉक्टर और दवाइयां तक नहीं मिल पा रही हैं। अस्पताल में मौजूद इक्का-दुक्का स्वास्थ्य कर्मी मरीजों को रंगीन गोलियां थमा कर देते हैं। जिसके चलते लोग प्राइवेट चिकित्सकों के यहां इलाज करवाने पर मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सूबे की सरकार का मुफ्त इलाज का दावा खोखला साबित हो रहा है। बांकेगंज सीएचसी में डॉक्टरों और दवाइयों के अभाव के चलते बीमारियों से कराह रहे लोगों का हाल बेहाल है।
उधर इस संबध में सीएमओ डॉ वीके साहू का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांवों में भेज कर पीड़ितों को दवाइयां वितरित कराई जाएंगी। सीएमओ ने संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए गांव की साफ-सफाई पर जोर दिया। उन्होंने इसकी रोकथाम के लिए लोगों से गांव की नालियों में गंदगी जमा न होने देने के साथ ही घर की पास जलभराव न होने देने की बात कही है।