लखीमपुर खीरी। थाना ईसानगर पुलिस व आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अपमिश्रित शराब, उपकरण एवं शराब से अर्जित 2,20,420 रुपये बरामद कर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी सिरिंज से शराब निकालकर दूसरी खाली बोतलों में भरकर बिक्री करते थे।
सीओ धौरहरा टीएन दुबे के नेतृत्व में थाना ईसानगर व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर सिसैया चौराहा पर अंग्रेजी व देसी शराब की दुकानों पर दबिश देकर चेकिंग की गई। इस दौरान भारी मात्रा में अपमिश्रित अंग्रेजी व देशी शराब, शराब बनाने के उपकरण, नकली बारकोड, खाली शीशी, खाली ढक्कन, रैपर आदि एवं शराब बेचकर अर्जित किया हुआ 2,20,420 रुपये बरामद किया। मौके से पांच अभियुक्तों पंकज, दिनेश कुमार, हरिनारायण हसनपुर कटौली थाना ईसानगर, राजू निवासी कस्बा व थाना ईसानगर, मुकेश निवासी पिपरिया थाना ईसानगर को गिरफ्तार किया गया। इस बरामदगी व गिरफ्तारी के संबंध में थाना ईसानगर में रिपोर्ट दर्ज करके अभियुक्तों का चालान भेजा गया है।
सीओ ने बताया कि 04-05 और व्यक्तियों का नाम प्रकाश में आया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा पूछताछ के दौरान बताया है कि वह लोग सिरिंज से शराब निकालकर दूसरी बोतलों में भरकर नकली बारकोड व ढक्कन लगाकर ग्राहकों को बेच देते थे। इस खुलासे के आधार पर शराब की दुकान का लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
बरामदगी का विवरण
शराब दुकान से डेढ़ पेटी देशी शराब, ढाई पेटी अंग्रेजी शराब के अलावा खाली ढक्कन, खाली देशी प्लास्टिक पव्वा, टेट्रा पैक के 48 पव्वा भरे हुए, मैक डॉवल क्वार्टर शीशी खाली 32, एक क्वाटर रायल स्टैग भरा हुआ, एक रायल स्टैग हाफ भरा हुआ, एक प्लास्टिक की बड़ी सिरिंज, 224 बार कोड बरामद हुए हैं।