- प्रोत्साहन राशि में से हिस्सा मांगने का आरोप
आशा बहुओं ने विलोबी मेमोरियल मैदान स्थित गांधी स्टेडियम पर अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। बाद में आशा सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मी सेवा संगठन के बैनर तले जुलूस निकालकर मांगों का एक ज्ञापन डीएम को दिया।
धरना सभा को संबोधित करते हुए संगठन की मंत्री विजय लक्ष्मी ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन के अंतर्गत 270 आशाएं कार्यरत हैं, जिन्हें दिन रात एक कर जेएसवाई टीकाकरण, पल्स पोलिया, सीसीएसपी आदि 23 बिंदुओं पर काम करना पड़ता है। इसके अलावा घरों पर जाकर जच्चा-बच्चा की देख-रेख का काम करना पड़ता है। इन सभी कार्यों के बदले जो प्रोत्साहन राशि सरकार से दी जाती है, उसके भुगतान के लिए संबंधित कर्मचारियों अधिकारियों द्वारा 30 प्रतिशत धनराशि की मांग की जाती है, इससे आशाओं में निराशा व्याप्त है। उन्होंने मांग की कि अप्रैल 2015 तक की सभी प्रोत्साहन धनराशि का भुगतान कराया जाए। धरना सभा को श्रद्धा पांडेय, नीलम, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष राघव राम तिवारी, मंत्री सोबरन लाल वाजपेयी, संरक्षक मुक्ता प्रसाद शर्मा ने भी संबोधित किया।
डीएम को दिए ज्ञापन में मांग की गई जननी सुरक्षा का भुगतान कराया जाए। पल्स पोलियो की छह चक्रों की धनराशि का भुगतान किया जाए। टीकाकरण की बकाया धनराशि का बकाया भुगतान कराया जाए। समेकित बाल संरक्षण की धनराशि एक साल से नहीं मिली है। इसका भुगतान कराया जाए। बैठकों में शामिल होने का भत्ता एक साल से नहीं मिला है यह भुगतान कराया जाए। आशा संगिनी को जनवरी से भुगतान नही मिला है यह भुगतान कराया जाए।
धरने में किरन सिंह, प्रेरणा जायसवाल, मुन्नी पांडेय, नीलम पांडेय, नवनीत कौर, मनजीत कौर, शोभा रानी, किरन देवी, मेनका, सुमन पांडेय समेत बड़ी संख्या में आशा बहुएं मौजूद रहीं।