लखीमपुर खीरी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को मोहम्मदी आएंगे। गोला के मूडासवारान में डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा जनसभा करेंगे। उधर, 21 फरवरी को जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उसी दिन पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का भी कार्यक्रम लगा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मोहम्मदी के रामलीला मैदान में साढ़े चार बजे पहुंच कर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। बृहस्पतिवार को ही डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा की चुनावी रैली 12 बजे मूड़ा सवारन में मस्जिद के निकट और सिंगाही में मेला मैदान में होगी।
21 को गोला आएंगे सीएम योगी
जिलाध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 फरवरी को गोला में चुनावी रैली संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि रैली श्रीराजेंद्र गिरि मेमोरियल स्कूल में 10 बजे होगी।
21 को आएंगे पूर्व सीएम अखिलेश
सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव ने बताया कि पूर्व सीएम व राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 21 फरवरी को शहर में आ रहे हैं। उनका कार्यक्रम लालपुर स्टेडियम के निकट एक मैदान में होगा। हालांकि, अभी समय निश्चित नहीं है।