होली के एक दिन पहले मंगलवार को बाजार चमक उठा। रंग गुलाल से सजी दुकानों ने बाजार को रंगीन बना दिया। मिठाई की दुकानों पर बिक रहे होली के पकवानों की खुशबू से वातावरण गमक उठा। मंगलवार को बाजार में इतनी भीड़ रही कि लगता था पूरा शहर बाजार में उमड़ आया हो। बाजार में पूरे दिन तिल रखने तक की जगह नहीं थी। दुकानों पर खरीदारों की भीड़ के कारण लोगों को सामान की खरीदारी करने में दिक्कत हुई। बाजार में भीड़ के कारण सड़कों पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही।
मंगलवार को कपड़ों, रेडीमेड गारमेंट, साड़ियों की दुकानों पर तो भीड़ कम रही। जूते चप्पलों की दुकानों पर पुरुषों की और चूड़ियों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ दिखाई दी। मंगलवार को ब्यूटी पार्लर पर भी महिलाओं को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। होली के एक दिन पहले ही बाजार में करोड़ों रुपये का कारोबार हुआ। इससे व्यापारी उत्साहित नजर आए।
गुझियों की खुशबू से गमकता रहा बाजार
होली के एक दिन पहले होली के विशेष पकवान गुझिया की जमकर बिक्री हुई। मिठाई की दुकानों पर गुझिया, मठरी, समोसे, नमकीन और तरह-तरह के पापड़ों की खूब बिक्री हुई। पूरा वातावरण इन पकवानों से गमकता रहा। समय की कमी और निर्माण सामग्री के महंगी होने से लोगों ने रेडीमेड पकवानों को अधिक तरजीह दी।
रंग, गुलाल और पिचकारियों की जमकर हुई बिक्री
बाजार में विभिन्न रंगों के गुलाल और तरह-तरह के रंगों के अलावा तमाम डिजाइनों की पिचकारियां खरीदने के लिए दुकानों पर बच्चों की भारी भीड़ रहीं। बच्चों ने अपने पसंद की पिचकारियां खरीदीं। सड़कों के किनारे सजी रंग गुलाल और पिचकारियों की दुकानों के चलते पूरा गांव रंगों से सराबोर नजर आया।
बाजार में खूब बिका जौ, गेहूं, अलसी का नवा
ली की आग में जौ, गेहूं और अलसी का नवा डालने की परंपरा है। इसके चलते शहर के विभिन्न चौराहों और सड़कों के किनारे नवा बिकता दिखा। लोग नवा खरीदकर अपने घरों में ले गए। यहीं नहीं होली में डालने के लिए गोबर के उपले भी बाजार में बिकते दिखाई दिए।
महिलाओं ने की होलिका की पूजा
होलिका दहन से पहले मंगलवार को महिलाओं ने होलिका का पूजन किया। रोली, अक्षत, सिंदूर, गंगाजल, गोबर के उपलों और फूलों से हालिका का पूजन कर घर परिवार और देश की खुशहाली की कामना की। दोपहर से ही होलिका दहन स्थल पर महिलाओं की भारी भीड़ रही। होलिका दहन 23 मार्च को तड़के होगा इसके बाद रंग खेला जाएगा।