सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
राज्य परिवार नियोजन सेवा अभिनवीकरण परियोजना एजेंसी के सौजन्य से जिले में बुधवार को सेहत संदेश वाहिनी का उद्घाटन किया गया। सीएमओ डॉ.अरुण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संदेश वाहिनी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फिल्मों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेगी तथा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी देगी।
संदेश वाहिनी के उद्घाटन अवसर पर सीएमओ डॉ.अरुण कुमार ने कहा कि यह राज्यव्यापी अभियान है। अभियान का उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दरों में कमी लाना है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं के प्रचार प्रसार केे बढ़ावा देने के लिए सेहत संदेश वाहिनी परियोजना के तहत प्रत्येक ब्लाक के 20 गांवों में वीडियो शो दिखाए जाएंगे। बुधवार को संदेश वाहिनी ब्लाक पलिया में जाएगी। संदेश वाहिनी ब्लाक पलिया और निघासन के 40 गांवों में वीडियो फिल्म दिखाएगी। इस फिल्म में एनआरएचएम की सभी योजनाएं शामिल हैं। इसमें ग्राम प्रधान, आशा तथा एएनएम भी सहयोग करेंगी। यहां एसीएमओ डॉ.वीबीराम ने बताया कि सेहत संदेश वाहिनी कार्यक्रम शाम को दिखाया जाएगा। कार्यक्रम को लोकप्रिय बनाने के लिए ईनामी कूपन और प्रश्नोत्तरी को भी शामिल किया गया है। जिला कम्यूनिटी प्रोसेस मैनेजर हरकीरत सिंह ने बताया कि आशा को घर-घर सूचना पहुंचाने एवं लोगों को फिल्म देेेखने के लिए प्रेरित करने के लिए 100 रुपये प्रति शो के हिसाब से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रत्येक आशा कम से कम 150 से 200 की भीड़ एकत्र करेंगी। संदेश वाहिनी को रवाना करते समय लेखा प्रबंधक संतोष शुक्ला, अरविंद कुमार, सुपरवाइजर रामकिशोर और सर्वेश कुमार सहित तमाम लोग उपस्थित थे।