इमरजेंसी ओपीडी का निरीक्षण करते एडी हेल्थ जीएस बाजपेई। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लेने आए एडी हेल्थ ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। शुक्रवार को अमर उजाला में ‘जिला अस्पताल : यहां तो तीमारदार हाथ से पंखा झलने के लिए मजबूर’ शीर्षक से प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर एडी हेल्थ ने नाराजगी जताई।
उधर, तबादला होने के बाद भी अस्पताल में मौजूद मिले वरिष्ठ लिपिक को तत्काल रिलीव कराने के साथ जिला अस्पताल में ज्वाइन न करने वाली महिला लिपिक को भी चेताया।
कोविड को लेकर की गई तैयारियां देखने के लिए एडी हेल्थ डॉ. जीएस बाजपेई बृहस्पतिवार रात से ही जिले में हैं। अमर उजाला में वार्डों में पंखे खराब होने की प्रकाशित खबर की कटिंग लेकर एडी हेल्थ सुबह नौ बजे जिला अस्पताल पहुंच गए। पंखे खराब होने के बाबत प्रभारी सीएमएस और अस्पताल मैनेजर से जानकारी लेकर नाराजगी जताई। एडी हेल्थ की नाराजगी देखकर अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी ओपीडी आदि में पांच पंखे तत्काल लगवा दिए।
एडी हेल्थ ने ऑक्सीजन प्लांट, कुपोषण वार्ड, इमरजेंसी ओपीडी आदि का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त न मिलने पर नाराजगी जताई। इस दौरान तबादला होने के बावजूद अस्पताल में कार्यरत वरिष्ठ लिपिक अनुपम मेहरोत्रा और फार्मासिस्ट अखिलेश शर्मा को तलब किया। अखिलेश शर्मा ने बताया कि जहां तबादला हुआ था वहां पर जगह खाली न होने के कारण ज्वाइन नहीं कर सके। वहीं वरिष्ठ लिपिक के लिए निदेशक प्रशासन से बात कर तत्काल रिलीविंग आर्डर तैयार कराकर रिलीव कराया।
उधर, जिला अस्पताल में वरिष्ठ लिपिक के पद पर ज्वाइन न करने वाली बरेली जिला अस्पताल की लिपिक नीलम सक्सेना से वार्ता कर ज्वाइन करने के बाबत चेताया। इसके बाद उन्होंने महिला अस्पताल में निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट का जायजा लेकर जल्द से जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा। संवाद