लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना संक्रमितों के मामले फिर से तेजी पकड़ने लगे हैं। बुधवार को एक कॉलेज की तीन छात्राओं समेत दो शिक्षिका और एक बाबू संक्रमित मिले हैं, जिससे अभिभावकों तक सनसनी फैल गई है। रिपोर्ट आने के बाद कॉलेज को सैनिटाइज कराया गया। उधर, एक मार्च से प्राइमरी स्कूल खुलने को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को लैब से कुल 364 रिपोर्ट प्राप्त हुई, जो सभी निगेटिव हैं। इसके अतिरिक्त एंटीजन टेस्ट से छह पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुईं, जिसमें सभी संक्रमित एक कॉलेज के हैं। इनमें तीन छात्राएं, दो शिक्षिकाएं व एक बाबू शामिल हैं। सभी छह संक्रमित लखीमपुर तहसील के मोहल्ला नई बस्ती, सिविल लाइंस, भुइफोरवानाथ, हाथीपुर कोठार, संकटा देवी और पटेलनगर के निवासी हैं। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है।
पिछले कुछ महीनों से लोगों ने कोविड-19 प्रोटोकाल का अनुपालन करना लगभग बंद कर दिया है, जिससे कोरोना संक्रमण के फैलने का खतरा बढ़ गया है। वहीं महाराष्ट्र, दिल्ली आदि राज्यों में कोरोना के नए स्ट्रेन मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में लोगों को बेहद सतर्क और सावधान होने की जरूरत है।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष भी यही समय था, जब कोरोना संक्रमण ने अपनी रफ्तार पकड़ी थी, जिससे होली के बाद 22 मार्च से जनपद को लॉकडाउन किया गया था। उन्होंने बताया कि सावधानी और कोविड प्रोटोकाल का पालन करके कोरोना संक्रमण के खतरे को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। डीएम ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है और कॉलेज प्रबंधन को भी कोविड प्रोटोकाल का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
एक मार्च से खुलेंगे प्राइमरी स्कूल
एक कॉलेज में तीन छात्राओं समेत छह कोरोना संक्रमित मिलने के बाद अभिभावकों की चिंता बढ़ना तय है। वहीं कई राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामले भी चिंता बढ़ा रहे हैं। एक मार्च से कक्षा एक से पांच तक के प्राइमरी स्कूलों में शिक्षण गतिविधियां प्रारंभ की जानी है, जिसको लेकर अभिभावकों को अपनी रिस्क पर निर्णय लेना है। हालांकि अब तक कक्षा छह से उच्च शिक्षा के स्कूल-कालेज शिक्षण कार्य के लिए खोले जा चुके हैं। बीएसए बुद्घ प्रिय सिंह ने कहा कि स्कूलों में कोविड प्रोटोकाल का कड़ाई से अनुपालन कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही करने वालों पर सख्ती की जाएगी।
कोरोना संक्रमण से बचने के लिए रखें अपना ध्यान
लखीमपुर खीरी। कोरोना काल के बावजूद जिला अस्पताल में दवा लेने आए मरीज और उनके तीमारदार लापरवाही बरते रहे हैं। न तो सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं और न ही मास्क ही लगा रहे हैं, जबकि पिछले दो तीन दिन से जिले में रोजाना संक्रमित मिल रहे हैं। बुधवार को जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर से लेकर दवा वितरण काउंटर और पैथालॉजी काउंटर पर रिपोर्ट लेने के लिए इस कदर भीड़ थी कि लोग सामाजिक दूरी रखना ही भूल ही गए। वहीं तमाम लोग मास्क भी नहीं लगाए थे। सीएमएस डॉ. आरसी अग्रवाल ने बताया कि गेट पर ही लोगों को मास्क लगाने के लिए कहा जाता है। अस्पताल में एनाउंस भी होता है। इसके बावजूद लोग सुरक्षा के मामले में लापरवाही बरतते हैं। जबकि ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। संवाद