लखीमपुर खीरी। फार्मासिस्ट की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर संगठन के पदाधिकारी बुधवार को सीएमओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सीएमओ से मुलाकात कर फार्मासिस्ट की समस्याओं का निराकरण कराने के लिए ज्ञापन सौंपा।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. एके कनौजिया ने बताया कि नवनियुक्त फार्मासिस्ट की सेवा पुस्तिकाएं बनाई जाएं। इसमें नियुक्ति आदेशों की पुष्टि करवाकर वेतन का भुगतान किया जाए, दो साल की सेवा पूरी करने वाले फार्मासिस्ट का स्थायीकरण एवं 4200 ग्रेड वेतन का लाभ देकर सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन निर्धारित हो, एनपीएस की हो रही कटौती का विवरण एवं वेतन पर्ची नियमित रूप से मुहैया कराई जाएं, बकाया देयकों का भुगतान किया जाए एवं सेवा पुस्तिका और भविष्य निधि पुस्तिका का अवलोकन कराया जाए। मंत्री अनिल कुमार, एके शर्मा, सुशील शुक्ला, विमल सिंह, विनय कुमार आदि मौजूद रहे।