गोला गोकर्णनाथ। एसडीएम अखिलेश यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को पांच अस्पतालों पर छापा मारा। इस दौरान दो अस्पतालों पर ताला डलवाते हुए शेष तीन संचालकों को नोटिस जारी की गई है। उधर फूलबेहड़ सीएचसी अधीक्षक ने महेवागंज के एक क्लीनिक पर छापा मारा और अनियमितता मिलने पर ताला डलवा दिया।
एसडीएम अखिलेश यादव के नेतृत्व में एसीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, पीएचसी अधीक्षक डॉ. गणेश कुमार ने शुक्रवार को गौरव डेंटल, न्यू केयर हॉस्पिटल, सुपर हॉस्पिटल, शिव हास्पिटल और एमएस अस्पताल में छापा मारा। इस दौरान सभी में अप्रशिक्षित स्टाफ इलाज करता मिला। वहां मौजूद स्टाफ व संचालक न तो पंजीकरण के कागज दिखा सके और न ही एसीएमओ के सवालों का जवाब दे पाए। इस पर टीम ने गौरव डेंटल अस्पताल और शिव हास्पिटल पर ताला डलवाते हुए अन्य सभी को नोटिस जारी की है। उधर सीएचसी फूलबेहड़ प्रभारी डॉ. अमितेश दत्त द्विवेदी ने नायब तहसीलदार ओपी मिश्रा के साथ बालूडीह रोड स्थित अक्शा क्लीनिक पर छापा मारा। जहां तमाम अनियमितताएं मिली। संचालक समीउद्दीन एक छोटे कमरे में कई मरीजों का इलाज करते मिले। डॉ. अमितेश द्विवेदी ने बताया कि न तो क्लीनिक का पंजीकरण है और न ही लॉकडाउन में इलाज के दौरान सामाजिक दूरी का पालन होता मिला। इसलिए पुलिस की मौजूदगी पर वहां ताला डलवा दिया गया है।
जिले में छह अस्पतालों पर छापा मारा गया है। टीम ने तीन अस्पतालों पर ताला डलवाकर तीन को नोटिस जारी स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके बाद कार्रवाई होगी।
-डॉ. मनोज अग्रवाल, सीएमओ