लखीमपुर/बेहजम। लखीमपुर से सीतापुर व लखनऊ जाने वाले लोगों का सफर लंबा होने वाला है। हरगांव में निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य शुरू कराया जा रहा है। इसकाे लेकर करीब 10 दिनों तक इस मार्ग पर आवागमन बाधित रहेगा। यहां से गुजरने वाले वाहनों के लिए प्रशासन ने रूट डायवर्ट करते हुए एडवाइजरी जारी की है।
बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे से 25 मार्च तक व दूसरे चरण में आठ अप्रैल दोपहर 12 बजे से 12 अप्रैल तक यह मार्ग बंद रहेगा। इसको लेकर रूट डायवर्जन किया गया है। अब लखीमपुर से सीतापुर की ओर जाने वाले भारी व व्यवसायिक वाहन एलआरपी चौराहा से छाउछ चौराहा होते हुए बेहजम-कस्ता चौराहे से सीतापुर जाएंगे। बहराइच-सिसैया से आने वाले भारी वाहन राजापुर चौराहे से खीरी कस्बा, लगुचा, लहरपुर होते हुए जाएंगे।
लखीमपुर से एलआरपी होते हुए सीतापुर जाने वाले चार पहिया व छोटे वाहन ओयल कस्बा पार कर बेहजम मोड़ से बेहजम होते जाएंगे। जबकि लखीमपुर से सीतापुर की ओर जाने वाले दो पहिया वाहन, पैदल यात्री निर्माणाधीन हरगांव ओवरब्रिज से पहले मरखापुर तक जा सकेंगे। यात्रियों को परेशानी न हो, इसको लेकर यातायात पुलिस कंट्रोल रूम 9454844045 पर संपर्क किया जा सकता है।