इस बार चुनाव में सर्वाधिक 20 फीसदी महिलाएं कर रही हैं भागीदारी
श्रीनगर सीट पर छह उम्मीदवारों में से चार महिलाएं, मोहम्मदी में भी इनकी संख्या एक-तिहाई
इस बार विधानसभा चुनाव में आधी आबादी ने अपनी धमक दिखाई है। पिछले कई चुनावों के मुकाबले इस बार मैदान में उतरी महिलाओं की संख्या सर्वाधिक है। कुल 76 उम्मीदवारों में से 15 महिलाएं हैं। श्रीनगर सीट के छह उम्मीदवारों में से चार महिलाएं हैं। मोहम्मदी के 12 उम्मीदवारों में से एक-तिहाई यानी चार उम्मीदवार महिला हैं। महिलाओं का बढ़ा हुआ हौसला इससे भी जाहिर हो रहा है कि प्रमुख राजनीतिक दलों ने अलग-अलग सीटों पर पांच महिलाओं को ही टिकट दिया है। 10 महिला प्रत्याशियों में ज्यादातर निर्दलीय हैं या फिर अनजान से राजनीतिक दलों के टिकट लेकर चुनावी संघर्ष में शामिल हुई हैं।
जिले की आठ सीटों में सबसे ज्यादा 14 प्रत्याशी पलिया और सबसे कम छह-छह उम्मीदवारों ने श्रीनगर और कस्ता में नामांकन कराया है। इनमें से पलिया और लखीमपुर में दो-दो और निघासन, गोला व कस्ता में एक-एक महिला प्रत्याशी ने पुरुषों के मुकाबले मोर्चा संभाला है। धौरहरा एकमात्र सीट है जहां से कोई महिला उम्मीदवार मैदान में नहीं है। विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरी महिलाओं की संख्या हालांकि कुल मिलाकर 20 फीसदी है लेकिन प्रमुख दलों ने महिलाओं को टिकट देने में ज्यादा उदारता नहीं दिखाई है।
भाजपा ने श्रीनगर में एक ही महिला मंजू त्यागी तो सपा ने श्रीनगर से मीरा बानो को टिकट दिया है। राष्ट्रीय लोकदल ने यहीं से चंद्रावती देवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। पलिया में भाकपा माले ने आरती राय को उतारा है। मोहम्मदी से रामबेटी रालोद की उम्मीदवार हैं। इनके अलावा पलिया से वंदना गुप्ता, निघासन से सारिका, गोला से विद्यावती और मोहम्मदी से रचना शर्मा और शाजिया खातून निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में सामने आई हैं। श्रीनगर में नीलम राष्ट्रीय बहुजन कांग्रेस पार्टी, लखीमपुर में पूजा शुक्ला भारतीय जनसहयोग पार्टी, ऊषा वर्मा महिला सशक्तिकरण पार्टी, कस्ता में कुसुम देवी भारतीय सुभाष सेना और मोहम्मदी में रामरती भारतीय कृषक दल का टिकट लेकर चुनाव लड़ रही हैं।
विधानसभा चुनाव 2012 में ये थीं महिला उम्मीदवार
वर्ष कुल उम्मीदवार महिला विजयी महिला
2007 101 14 01
2002 115 13 01
1996 60 04 02
1993 101 06 01
1991 102 01 00
ये महिलाएं पहुंच चुकी हैं विधानसभा तक
1985- लखीमपुर कांती सिंह विसेन कांग्रेस
1993- पैला शशिबाला भारती भाजपा
1996- मोहम्मदी कृष्णा राज भाजपा
1996- श्रीनगर मायावती बसपा
2002- श्रीनगर मायावती बसपा
2007-मोहम्मदी कृष्णा राज भाजपा