विशाल कीर्तनमयी पदयात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
हनुमान जयंती पर निकली पदयात्रा में झांकियों ने मन मोहा
घंटा-घड़िय़ाल और शंख ध्वनि के साथ बजरंगबली के जयकारों से पूरा शहर गुंजाएमान हो गया। जब मंगलवार सुबह भजन कीर्तन करते हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम गुलरीपुरवा स्थित बालाजी हनुमान मंदिर की ओर बढ़ रहा था। हाथों में केसरिया ध्वज और निशान लहराते लोगों के दिलों में हनुमान भक्ति हिलोरे ले रही थी। इस दौरान सीतापुर रोड पर जनसैलाब सा नजर आ रहा था।
यह नजारा था श्री हनुमान जयंती पर निकली विशाल कीर्तनमयी पदयात्रा का। मंगलवार को भोर से ही शहर के विभिन्न हिस्सों से सैकड़ों श्रद्धालुओं के जत्थे हाथों में केसरिया ध्वज और निशान लिए सुभाष पार्क की ओर बढ़ते चले जा रहे थे। सुबह छह बजे सुभाष पार्क से कीर्तनमयी पदयात्रा शुरू हुई तो पूरा शहर बजरंग बली के जयकारों से गूंज उठा। यह पदयात्रा मेन रोड स्टेशन रोड और ओवरब्रिज, एलआरपी चौराहा होते हुए सीतापुर रोड पर स्थित नौ किलोमीटर दूर गुलरीपुरवा स्थित बालाजी हनुमान मंदिर की ओर रवाना हुई।
कीर्तनमयी पदयात्रा में राम दरबार, शिव पार्वती, राधा कृष्ण, हनुमान और श्रीगणेश आदि देवी देवताओं की मनमोहक झांकियां शामिल थीं। पदयात्रा में शामिल लोग बजरंग बली के जयकारे लगाने के साथ भजन कीर्तन गाते और नृत्य करते हुए चल रहे थे। पदयात्रा के लिए पूरे शहर और पदयात्रा के रास्ते को तोरणद्वारों और बिजली की रंग विरंगी झालरों से सजाया गया था। सड़क के दोनों ओर हनुमान जी की तस्वीरें सजी हुई थीं। जगह-जगह पंडाल लगाकर पदयात्रा में शामिल लोगों को ठंडा पानी और शरबत पिलाने की व्यवस्था की गई थी।
पदयात्रा के पहुंचने पर गुलरीपुरवा मंदिर में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बालाजी हनुमानजी के दर्शन पूजन किए। वापसी के समय रास्ते में ठंडे पानी के अलावा प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई थी। पदयात्रा में भारी भीड़ होने के बावजूद लोग पूरी तरह अनुशासित नजर आ रहे थे। अधिकांश लोग केसरिया कपड़े पहने थे। बच्चे भी इस पदयात्रा को लेकर काफी उत्साहित थे।
हनुमान जयंती के मौके पर शहर के मंदिरों को आकर्षक ढंग से बिजली की रंग विरंगी झालरों और फूलों की लड़ियों से सजाया गया था। इस मौके पर मंदिरों में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ हुए। भजन कीर्तन और भंडारों आदि का भी आयोजन किया गया।