धौरहरा (खीरी)। ईसानगर थाना क्षेत्र में रविवार रात चचेरे भाई की बरात में जा रहे अंधपुर जेठरा निवासी मुकेश (25) पुत्र बंशीधर की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुकेश अपने साथियों कंतु पुत्र सुकई और छोटू पुत्र चतुरी निवासी रायपुर थाना हरगांव जिला सीतापुर के साथ बाइक से बरात में शामिल होने जा रहा था। बरात अंधपुर से धौरहरा क्षेत्र के मिर्जापुरवा के लिए निकली थी। ईसानगर क्षेत्र के एनएच-730 पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंतु और छोटू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सोमवार को जब मुकेश का शव गांव पहुंचा तो शादी का माहौल गम में बदल गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। संवाद