लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत जिले को 3700 आवासों का लक्ष्य मिला है, लेकिन अब तक 972 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। पात्रों की संख्या कम मिलने से लक्ष्य पूरा करना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है।
योजना के तहत कच्चे मकान में रहने वाले, पहले किसी आवास योजना का लाभ न पाने वाले पात्र परिवारों को आवास दिया जाना है। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग बंजारा, कुष्ठ रोगी, थारू समुदाय, 18 से 50 वर्ष की निराश्रित महिलाएं, 45 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग तथा प्राकृतिक आपदा प्रभावित भी पात्र श्रेणी में शामिल हैं, बशर्ते उन्हें पहले आवास का लाभ न मिला हो।
डीआरडीए के परियोजना निदेशक एसएन चौरसिया ने बताया कि अब तक 972 लोगों ने पंजीकरण कराया है। सभी आवेदनों की जियो टैगिंग कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति ग्राम सचिवों से संपर्क कर योजना में पंजीकरण करा सकते हैं।