अनवर पर दर्ज हैं आधा दर्जन से अधिक मुकदमे
गोकशी के पैसे से ही बनवाया गया था मकान
गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के गांव भुड़वारा में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए गैंगेस्टर एक्ट के एक अपराधी का मकान जप्त किया है। रविवार को तहसीलदार विनोद कुमार गुप्ता और सीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रशासन ने गैंगेस्टर एक्ट के अपराधी अनवर के खिलाफ कार्रवाई की।
प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार उपाध्याय ने गांव में डुग्गी पिटवाकर ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्रवाई से अवगत कराया। बताया कि गैंगेस्टर एक्ट के अभियुक्त अनवर पुत्र सन्यासी निवासी ग्राम भुड़वारा ने अपने गांव में गोकशी का अपराध करके अवैध रूप से धन अर्जन करते हुए एक पक्का मकान बनाया था। गैंगेस्टर एक्ट के पंजीकृत अभियोग की विवेचना से यह प्रमाणित हुआ कि अभियुक्त अनवर का गोकशी के पेशे के अलावा अन्य कोई ज्ञात आय का स्रोत नहीं है। गोकशी के पेशे से ही उक्त मकान को क्रय किया गया है।
डीएम और एसपी के आदेशानुसार गोला और मैलानी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंगेस्टर एक्ट के अभियुक्त अनवर का मकान जप्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट, गोवध अधिनियम सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
राजस्व विभाग और पुलिस ने कुर्क की गैंगेस्टर की संपत्ति
पलियाकलां। इलाके के अतरिया बड़ागांव निवासी एक गैंगेस्टर की संपत्ति राजस्व विभाग और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कर्क की है। टीम ने करीब तीन लाख तीन हजार रुपये की संपत्ति कुर्क किए जाने का नोटिस घर के बाहर चस्पा किया है।
डीएम के निर्देश पर गैंगेस्टरों के खिलाफ अभियान चलाते हुए उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई प्रशासन कर रहा है। इसी में पलिया तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, पलिया इंस्पेक्टर सैयद मोहम्मद अब्बास के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस टीम ने अतरिया बड़ागांव निवासी गैंगेस्टर अभियुक्त मुनव्वर खां पुत्र तब्बू खां के यहां छापा मारा की। यहां टीम ने घर के बाहर नोटिस चस्पा करने के साथ ही करीब तीन लाख तीन हजार रुपये की संपत्ति कुर्क की है।
तहसीलदार ने बताया कि मकान के कमरे, बाइक, फ्रिज, टीवी, बैलगाड़ी, साइकिल, पंखा समेत अन्य सामान कुर्क किया गया है। टीम में तहसीलदार, इंस्पेक्टर के अलावा एसआई अजीत कुमार सिंह, तेज सिंह, लेखपाल अरविंद कुमार समेत अन्य पुलिस बल शामिल रहा।