मैलानी। गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस का इज्जतनगर तक विस्तार होने के बाद इसका समय बदल जाएगा। परिवर्तित समय के अनुसार यह ट्रेन मैलानी डेढ़ घंटा पहले पहुंचेगी। विस्तार के बाद पीलीभीत-गोरखपुर के समय में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके विस्तार की तिथि का ऐलान भी जल्द होने की उम्मीद है।
रेलवे बोर्ड के निदेशक कोचिंग संजय आर नीलम की ओर से जारी और सोशल मीडिया में वायरल समय सारिणी के मुताबिक ट्रेन नंबर 15009 गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस का विस्तार इज्जतनगर तक होने पर यह ट्रेन गोरखपुर से पूर्व निर्धारित समय रात 22:15 बजे चलकर मैलानी में पूर्व निर्धारित समय पूर्वान्ह 11:25 के बजाए सुबह 09:55 बजे पहुंच कर मैलानी से दस बजे प्रस्थान कर पीलीभीत 11:35 बजे पहुंचकर 11:40 बजे प्रस्थान कर इज्जतनगर 12:45 बजे पहुंचेगी। जबकि ट्रेन नंबर 15010 इज्जतनगर से 15:10 बजे प्रस्थान कर पीलीभीत पूर्व निर्धारित समय 16:05 बजे पहुंचकर 16:10 बजे प्रस्थान कर मैलानी में भी पूर्व निर्धारित समय 16:05 बजे पहुंचकर 16:10 बजे छूटेगी। गोरखपुर भी पूर्व निर्धारित समय सुबह सात बजे पहुंचेगी।