गोला गोकर्णनाथ। छोटी काशी गोला की शिवांगी नाथ वर्मा ने सात समंदर पार अमेरिका में देश का नाम रोशन करते हुए अपनी सफलता के झंडे गाड़े हैं। शिवांगी अमेरिका के कैलिफोर्निया में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं।
नगर निवासी एसीएमओ डॉ. रविंद्र नाथ वर्मा और महिला चिकित्सक अंजलि नाथ वर्मा की बेटी डॉ. शिवांगी नाथ वर्मा ने देश, दुनिया में नारी गौरव को बढ़ाया है। नगर के सेंट जॉन्स से प्रारंभिक शिक्षा, हैदराबाद से बीएससी, एमएससी करने के बाद शिवांगी का 2015 में फेलोशिप में चयन हुआ और वह अमेरिका के जॉर्जिया विश्वविद्यालय में जेनेटिक्स में पीएचडी करने के लिए चली गईं। जॉर्जिया विश्वविद्यालय अमेरिका की स्कॉलरशिप पर जेनेटिक्स में वर्ष 2021 फरवरी में पीएचडी करने के बाद अमेरिका के प्रतिष्ठित रिसर्च इंस्टिट्यूट जेनेटिक्स साइंटिस्ट का दर्जा प्राप्त किया। वर्तमान में शिवांगी अमेरिका में कैलिफोर्निया के जेनेटिक्स इंस्टिट्यूट में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं। शिवांगी नगर ही नहीं बल्कि जिले की एक ऐसी प्रतिभा है जिसने अमेरिका में नगर, जिला, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। शिवांगी नारी शक्ति का एक प्रेरणादायक प्रतिभा के रूप में उभरी है।