लखीमपुर खीरी। चालू गन्ना पेराई सत्र 2020-21 में पांच चीनी मिलों ने अब तक गन्ना मूल्य भुगतान करना प्रारंभ नहीं किया है। सिर्फ चार मिलों, अजबापुर, ऐरा, कुंभी और गुलरिया ने किसानों के खातों में भुगतान भेजा है। ज्यादातर मिलों के भुगतान न करने से चीनी मिलों पर किसानों का नौ अरब 44 करोड़ 30 लाख 76 हजार रुपये (14 दिन पूर्व तक) बकाया हो चुका है।
बजाज ग्रुप की गोला, पलिया और खंभारखेड़ा मिल चालू सत्र में एक दिन का भी भुगतान नहीं किया है। कुछ किसानों को रुपये के बदले चीनी दी है, लेकिन ज्यादातर किसानों ने चीनी लेने में रुचि नहीं दिखाई है। ऐसे ही सहकारी क्षेत्र की बेलरायां और संपूर्णानगर मिलों का भुगतान अब तक शून्य है। एडवंट्ज ग्रुप की गोविंद शुगर मिल ऐरा ने भी किसानों को चीनी के साथ ही 26 नवंबर 2020 तक खरीदे गए गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। इसके अलावा अजबापुर मिल ने 27 दिसंबर 2020 तक एक अरब 67 करोड़ 91 लाख रुपये भुगतान किया है। कुंभी मिल ने एक अरब 66 करोड़ 19 लाख और गुलरिया ने एक अरब 58 करोड़ 34 लाख रुपये भुगतान किया है।
मिलवार बकाया गन्ना मूल्य (लाख में/14 दिन पूर्व तक)
गोला 26305.23
पलिया 18560.07
खंभारखेड़ा 17398.53
ऐरा 13950.01
अजबापुर 5348.38
कुंभी 1245.89
गुलरिया 764.34
बेलरायां 7395.22
संपूर्णानगर 7483.55
पांच मिलों पर पिछले पेराई सत्र का भी करोड़ों बकाया
बजाज ग्रुप की गोला, पलिया, खंभारखेड़ा मिल समेत सहकारी क्षेत्र की बेलरायां और संपूर्णानगर मिलों पर पिछले पेराई सत्र 2019-20 का करोड़ों रुपये गन्ना मूल्य बकाया है। गोला मिल पर एक अरब 14 करोड़ 97 लाख 65 हजार, पलिया पर एक अरब 37 करोड़ 78 लाख 71 हजार, खंभारखेड़ा पर 83 करोड़ 50 लाख 90 हजार, बेलरायां पर 10 करोड़ छह लाख 46 हजार और संपूर्णानगर पर सात करोड़ 10 लाख 72 हजार रुपये बकाया है।
बजाज ग्रुप की चीनी मिलें अभी पिछले सत्र का भुगतान कर रही हैं। सहकारी मिलें भी चीनी बेचकर पिछले सत्र का भुगतान कर रही हैं। नए सत्र में जिन मिलों ने अभी तक भुगतान नहीं किया है, उन्हें जल्द भुगतान करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
- ब्रजेश कुमार पटेल, जिला गन्ना अधिकारी
कुंभी और अजबापुर चीनी मिल ने भेजा भुगतान
अमीरनगर। बलरामपुर ग्रुप की कुंभी चीनी मिल ने नवीन पेराई सत्र 2020-21 में खरीदे गए गन्ने का पांच से 17 जनवरी तक का 1275 किसानों को 3502.75 लाख रुपये का भुगतान किसानों के खातों में बैंकों को भेजा है। चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक आरएस ढाका ने बताया कि अब तक चीनी मिल से कुल 41185 किसानों के खातों में 16619.79 लाख रुपए का भुगतान भेजा जा चुका है। वहीं, अजबापुर चीनी मिल ने 27 दिसंबर 2020 तक किसानों के खातों में 15 करोड़ 72 लाख 87 हजार रुपये का भुगतान भेजा है।