लखीमपुर खीरी। भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। भाइयों के लिए बहनें राखियां खरीद रही हैं।
भाई भी बहनों को देने के लिए उपहार पसंद कर रहे हैं। राखियों और मिठाइयों के साथ गिफ्ट हैंपर और चॉकलेट की मांग भी बढ़ी है।
शहर के मेन रोड, सदर चौराहा, संकटा देवी रोड, विकास भवन के पास और सौजन्या चौक पर राखियों की दुकानें सजी हैं। सुबह से खरीदारों की भीड़ पहुंच रही है। युवतियां और महिलाएं अपनी पसंद की राखियां खरीद रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर और आकर्षक डिजाइन वाली राखियां भी पसंद की जा रही हैं।
राखी विक्रेता संतोष शाह, नितिन, राकेश भोजवाल और जितेंद्र ने बताया कि इस बार हर तरह की राखियों की खरीदारी हो रही है। भाई बहनों को देने के लिए गिफ्ट पैक भी खरीद रहे हैं। आकर्षक पैकिंग वाले उपहार युवाओं और बच्चों को पसंद आ रहे हैं।
-
चॉकलेट और खिलौनों वाले हैंपर बच्चों को भा रहे
गिफ्ट शॉप संचालक प्रशांत, रवि और राज ने बताया कि बच्चे चॉकलेट, खिलौने और अन्य सामान वाले गिफ्ट हैंपर खरीद रहे हैं। कई दुकानों पर पहले से तैयार छोटे-बड़े गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं। कीमत और डिजाइन के अनुसार इनमें अलग-अलग विकल्प हैं। बहन को राखी बांधने के बाद उपहार देने की परंपरा के चलते इनकी मांग बढ़ी है। बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से कारोबारियों के चेहरे भी खिले हैं। आने वाले दिन बाजार में और अधिक भीड़ रहने की उम्मीद है।
दुकान पर रखे बच्चों के लिए गिफ्ट हैंपर। संवाद