लखीमपुर खीरी। गैस सिलिंडरों की किल्लत का असर अब घरों की रसोई तक पहुंच गया है। कई घरों में खाना बनाने के लिए इंडक्शन चूल्हे, इलेक्ट्रिक केतली और हीटर का सहारा लिया जा रहा है। गैस की कमी के कारण लोग विकल्प तलाश रहे हैं, जिससे शहर के इलेक्ट्रॉनिक बाजार में इन उपकरणों की मांग तेजी से बढ़ गई है।
दुकानदार रमन शेखर ने बताया कि पहले इंडक्शन चूल्हों की बिक्री काफी कम थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों में ग्राहक लगातार इनके बारे में जानकारी लेने और खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं। बाजार में सामान्य इंडक्शन चूल्हे करीब 2200 से 3500 रुपये तक मिल रहे हैं।
इंडक्शन के साथ उपयोग होने वाले विशेष बर्तनों की बिक्री भी बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार इंडक्शन सपोर्ट करने वाले बर्तनों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है।
दुकानदार युवराज शेखर ने बताया कि बढ़ती मांग को देखते हुए डीलरों ने कंपनियों से करीब चार हजार इंडक्शन चूल्हों का ऑर्डर दिया है। बाजार में इन्फ्रारेड इंडक्शन की मांग भी बढ़ रही है, जिन पर सभी प्रकार के बर्तन इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इनकी कीमत करीब 2800 रुपये से शुरू होती है।
ई-स्कूटी की बिक्री भी बढ़ी
गैस किल्लत के बीच बैटरी से चलने वाले दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी इजाफा हुआ है। शहर के डीलर विनोद मिश्रा, अनुराग सहगल, शकील खान, राजेश कुमार और कासिम अंसारी ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों में इलेक्ट्रिक स्कूटियों की बिक्री अचानक बढ़ गई है। डीलरों के मुताबिक पहले जहां 10 से 15 दिन में एक स्कूटी बिकती थी, वहीं अब एक दिन में तीन से चार स्कूटियां तक बिक रही हैं। बड़ी संख्या में ग्राहक वाहन देखने और रेट लेने भी पहुंच रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए डीलरों ने इलेक्ट्रिक स्कूटियों का स्टॉक भी बढ़ाना शुरू कर दिया है और लगातार माल मंगाया जा रहा है। बाजार में सामान्य बैटरी स्कूटी 32 हजार से 55 हजार रुपये तक मिल रही है, जबकि कुछ बड़ी कंपनियों के मॉडल एक लाख रुपये से अधिक कीमत के भी उपलब्ध हैं।
-
ये हैं कीमतें
सामान्य इंडक्शन : 2200 से 3500 रुपये
इन्फ्रारेड इंडक्शन : 2800 रुपये से शुरू
इलेक्ट्रिक केतली : 600 से 2200 रुपये
सामान्य बैटरी स्कूटी : 32 हजार से 55 हजार रुपये
ब्रांडेड बैटरी स्कूटी : एक लाख रुपये से अधिक
ई बाइक शो रूम पर बैटरी वाली स्कूटी की खरीदारी करते लोग। संवाद