मितौली के बांसताली गांव में आग बुझाता परिवार।
मितौली के बांसताली गांव में हुआ हादसा, हजारों का सामान जला
मितौली। थाना क्षेत्र के बांसताली गांव में बुधवार दोपहर खाना बनाते समय अचानक गैस सिलिंडर फट गया। इससे लगी आग में चार घर जल गए। आग में नकदी और हजारों का समान जल गया।
मितौली थाना क्षेत्र के बांसताली गांव निवासी गुड्डू के घर तेरहवीं भोज में गांव वालों सहित नाते रिश्तेदारों को बुलाया गया था। बुधवार दोपहर खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलिंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते छप्पर जलने लगा। बताते हैं कि सिलिंडर फटने से आग ने चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों को कुछ भी सामान बचाने का मौका नहीं मिला। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
आग की लपटों में संतोष के पांच हजार, प्रकाश के 15 हजार, गुड्डू के 20 और उनकी मां के दो हजार रुपये जल गए। इसके अलावा घर का सारा सामान और धान जलकर राख के ढेर में बदल गया। आग लगने की सूचना पाते ही एसआई उपेंद्र सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।