पीलीभीत के हजारा क्षेत्र के निवासी गैंगस्टर राज सिंह उर्फ राजू पर कई मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में थाना संपूर्णानगर पुलिस ने उसे भारत-नेपाल सीमा के निकट गिरफ्तार कर लिया।
लखीमपुर खीरी के थाना संपूर्णानगर क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा के निकट पुलिस ने बृहस्पतिवार को 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर राज सिंह उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया। वह काफी समय से गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ जनपद खीरी और पीलीभीत में कई मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन
पड़ोसी जिला पीलीभीत के थाना हजारा अंतर्गत ग्राम टाटरगंज का निवासी राज सिंह उर्फ राजू शातिर अपराधी बताया जा रहा है। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में थाना संपूर्णानगर की पुलिस को राजू की तलाश पिछले कई महीनों से थी। बृहस्पतिवार को मुखबिर के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि राजू संपूर्णानगर क्षेत्र में गोविंद नगर गन्ना सेंटर के पास मौजूद है। इस पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी करके राजू को धर दबोचा।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त राज सिंह उर्फ राजू का चालान न्यायालय भेजा गया है। वहीं अभियुक्त राजू की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना संपूर्णानगर के प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह, एसआई अनिल सिंह और कांस्टेबल अंकित कुमार, संदीप कुमार व नरेंद्र कुमार शामिल रहे।