लखीमपुर खीरी में पढुआ थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेम खिलाकर लोगों के साथ ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी थर्ड पार्टी के बैन गेमिंग एप का यूज करके ठगी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन, 11 सिम सहित अन्य चीजें बरामद की हैं।
निघासन सीओ शिवम कुमार ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को बताया कि ढखेरवा-निघासन रोड स्थित लखहा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चारों युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नाइट वन क्लब, एविएटर, कलर ट्रेड और बीट जीबी जैसे थर्ड पार्टी गेमिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते थे। वे सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लाखों रुपये कमाने का लालच देकर निवेश करवाते थे। बाद में धोखाधड़ी से ओटीपी हासिल कर उनके बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। आरोपी इस ठगी के बदले 15 प्रतिशत कमीशन लेते थे।
ये आरोपी पकड़े गए
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संतोष कुमार निवासी चचरापुरवा, दिलीप कुमार निवासी चचरापुरवा, अंकित कुमार निवासी चचरापुरवा और आशीष गौतम निवासी ढखेरवा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से आठ मोबाइल फोन, 20 एटीएम कार्ड, चेक बुक, पासबुक, सिम कार्ड, नकदी, एक होंडा सिटी कार और एक अपाचे बाइक बरामद की गई है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
आरोपियों के विरुद्ध थाना पढुआ में आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। कहा कि पूछताछ के दौरान कई और नाम सामने आएं हैं, पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।