फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: हादसे के बाद भाग गए दोस्त, तड़पकर जिंदगी हार गया युवक

Sat, 02 May 2026 11:24 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार। स्रोत : ग्रामीण
विज्ञापन
बिजुआ (खीरी)। एक सड़क हादसे ने दोस्ती और इंसानियत दोनों पर सवाल खड़े कर दिए। भीरा थाना क्षेत्र के गांव दरियाबाद निवासी अभिषेक वाजपेई शुक्रवार रात अपने दोस्तों के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में कार खंभे से टकरा गई।
विज्ञापन

हादसे में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन आरोप है कि उसके दोनों साथी उसे कार में ही तड़पता छोड़कर मौके से भाग निकले। काफी देर तक मदद न मिलने पर वह जिंदगी की जंग हार गया।
मृतक की पहचान अभिषेक वाजपेई पुत्र रामसरन वाजपेई निवासी दरियाबाद (भीरा) के रूप में हुई। बताया गया कि अभिषेक अपने मित्रों के साथ ढखेरवा क्षेत्र में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था।
विज्ञापन

रात करीब 2:30 बजे लौटते समय लखीमपुर-भीरा राज्यमार्ग पर थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गोपालापुर में मैरिज हॉल के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार अभिषेक की ही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद कार में सवार उसके दोस्त मौके से भाग गए। घायल अभिषेक कार में ही पड़ा तड़पता रहा। काफी देर बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
फूलबेहड़ थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा वाहन के खंभे से टकराने के कारण हुआ है। शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सात माह पहले पिता की मौत, अब बेटे के जाने से टूटा परिवार
अभिषेक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया कि करीब सात माह पहले उनके पिता रामसरन वाजपेई की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब जवान बेटे की मौत ने घर को गम में डुबो दिया। मां कमलेश कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।

सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार। स्रोत : ग्रामीण

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें