लखीमपुर खीरी। चार अलग-अलग क्षेत्राें में हुए सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
गांव गंगापुर ग्रंट नं-10 निवासी गोविंद (30) पुत्र रामशंकर रविवार को बाइक से छेदीपुर गांव गए थे। पिता रामशंकर ने बताया कि गोविंद घर लौट रहा था। खुटार रोड भरिगमा चौराहे के आगे चमरपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई।
दूसरा मामला फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव झखरा का है। यहां के निवासी सत्यम शुक्ला 22 पुत्र अरुण कुमार बीती 22 सितंबर को अपने चचेरे भाई के साथ दवा लेने के लिए लखीमपुर आए थे। वापसी में लिलौटी नाथ मंदिर के आगे कंडवा नदी पुल के पास पिकअप ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों भाई घायल हो गए। परिजनों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चचेरे भाई को लखनऊ भेज दिया था वहीं सत्यम का इलाज किया जा रहा था।
सोमवार की सुबह सत्यम की भी मौत हो गई। तीसरी घटना मथना मंदिर के समीप हुई। बताया जा रहा है कि गोला के गांव मुडिया मंशाराम निवासी अभिषेक 35 पुत्र बालक राम वर्मा रविवार की देर शाम मजदूरी करके घर लौट रहा था।
मृतक के छोटे भाई मुकेश के मुताबिक अभिषेक मंथना मंदिर के पास पहुंचा ही था कि अज्ञात वाहन का शिकार हो गया। घटना में उसकी मौत हो गई।