फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धौरहरा में अलग-अलग हादसों में चार की मौत, कुल 27 घायल

विज्ञापन
ढकेरवा धौरहरा मार्ग पर ट्रक और बस की टक्कर के बाद जुटी भीड़।
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। तहसील धौरहरा में एक ही दिन में दो अलग-अलग हादसों में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए।
विज्ञापन

पहली घटना मंगलवार देर रात 11 बजे की है। पीलीभीत से चीनी लोडकर नेपाल जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर हरदुहा नाले में जा गिरा, जिसमें चालक समेत दो की मौत हो गई, जबकि क्लीनर घायल है। उधर, बुधवार की सुबह ढखेरवा-धौरहरा के बीच लखनपुरवा गांव के पास हाईवे पर यात्रियों से भरी एक निजी बस सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। हादसे में वहां से गुजर रहे एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए। इसमें सात गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जिसमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पीलीभीत से चीनी लेकर नेपाल जा रहा ट्रक हरदुआ नाले में गिरा
लखीमपुर खीरी। धौरहरा तहसील और कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार देर रात पीलीभीत से चीनी लोडकर नेपाल जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर हरदुआ नाले पर बने पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में जा गिरा। ट्रक में कुल तीन लोग सवार थे, जिनमें ड्राइवर समेत दो की मौत हो गई, जबकि क्लीनर ने पानी में तैरकर अपनी जान बचाई। शाम तक गोताखोरों ने ड्राइवर और एक अन्य का शव नदी से बरामद कर लिया था।
विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात यूपी 31 टी 4223 नंबर का एक ट्रक पीलीभीत से चीनी लोडकर नेपालगंज जा रहा था। देर रात कोतवाली क्षेत्र के काजीपुरवा गांव के पास अनियंत्रित होकर ट्रक हरदुआ नाले पर बने पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गहरे पानी में जा गिरा। ट्रक में ड्राइवर समेत तीन लोग सवार थे, जिसमें कंडक्टर शिवम 25 पुत्र अजय निवासी गड्डी पुरवा ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि चालक जय प्रकाश 35 पुत्र राजाराम निवासी टेंगनहिया और एक अन्य युवक रज्जन 25 पुत्र छन्नू निवासी गड्डी पुरवा थाना निघासन पानी में गहरे पानी में गिरने के बाद डूब गए। किसी तरह बचे कंडक्टर शिवम ने लोगों को सूचना दी, तो खबर पुलिस तक पहुंची। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरे में कोई राहत बचाव का काम नहीं हो सका।
उधर, हालत खराब होने पर कंडक्टर शिवम को सीएचसी में भर्ती करवाया गया। सुबह में प्रशासन और पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा, जिसके बाद क्रेन बुलवाकर राहत बचाव का काम शुरू किया गया, लेकिन ड्राइवर और एक अन्य युवक का पता न चलने पर गोताखोर की टीम भी गहरे पानी में उतारी गई, जिसके बाद शाम तक दोनों को शव नाले से बरामद कर लिए गए और ट्रक को भी क्रेन के जरिये बाहर निकलवा लिया गया। बताते हैं कि ट्रक में करीब 330 क्विंटल चीनी लदी थी। वहीं, मौके पर पहुंचे परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ट्रक मालिक भी मौके पर पहुंचे थे। दोनों मृतकों के शव को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा है।
लोगों का कहना है कि इससे पहले भी हरदुहा नाले पर कई बड़े हादसे हो चुके हैं। कुछ साल पहले एक एंबुलेंस भी नाले में गिर गई थी, जिसमें ड्राइवर समेत ईएमटी की मौत हो गई थी और उनके शव कई दिनों बाद बरामद हुए थे।
घर के कमाऊ पूत थे रज्जन और जय प्रकाश
निघासन। हरदुआ के पुल की रेलिंग से अनियंत्रित होकर गिरे ट्रक में हादसे का शिकार हुए रज्जन और जयपक्राश अपने घर के कमाऊ पूत थे। दोनों की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
गांव टेगनहिया निवासी जयप्रकाश मिश्रा और गड्डी पुरवा निवासी रज्जन मिश्रा दोनों एक ही ट्रक चलाते थे। रज्जन के पिता और मां की मौत हो गई थी। वह अपनी पत्नी और बच्चे आदर्श, अनामिका और काव्या के साथ तीनों भाइयों से अलग रहता था। उसकी मौत से परिवार में मातम है। उधर, रज्जन मिश्रा के पिता की मौत हो चुकी है। मां मुन्नी देवी अपने बड़े बेटे के साथ रहती है। रज्जन भी अपनी पत्नी और बच्चों आयुष और अंश के साथ अलग रहता था। दोनों की मौत से उनके परिवार में मातम पसरा है। संवाद
मंगलवार की देर रात घटना का पता चला था। इंस्पेक्टर धौरहरा मौके पर गए थे, लेकिन अंधेरे में कोई बचाव का काम नहीं हो सकता था। इसलिये बुधवार सुबह ही क्रेन और गोताखोर की टीम को बुलवाया गया। राहत बचाव के दौरान क्रेन के जरिये ट्रक को बाहर निकलवा लिया गया है, जबकि गोताखोरों ने ड्राइवर और एक अन्य का शव बरामद कर लिया है। - धीरेंद्र सिंह, एसडीएम धौरहरा
ढखेरवा-धौरहरा हाईवे पर ट्रक और यात्री बस में भिड़ंत
लखीमपुर खीरी। धौरहरा तहसील में थाना कोतवाली अंतर्गत ढखेरवा-धौरहरा के बीच लखनपुरवा गांव के पास हाईवे पर बुधवार की सुबह ट्रक और यात्रियों से भरी बस की आमने-सामने हुई टक्कर में दो की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को करीब के सीएचसी रमियाबेहड़ भेजा, जहां से गंभीर घायल सात लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यात्रियों से भरी एक निजी बस बुधवार सुबह क्षेत्र के लहबड़ी गांव से लखनऊ की ओर जा रही थी। इसी बीच सुबह 7 बजे विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। बताते हैं कि ग्राम लखनपुरवा निवासी छोटे भार्गव साइकिल से वहां से गुजर रहा था, जो अचानक हाईवे पर आ गया और उसे बचाने के चक्कर में खाद्यान्न से भरे ट्रक और यात्री बस में जोरदार टक्कर हो गई। इस दौरान हादसे की चपेट में आने से साइकिल सवार छोटे 30 वर्ष की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य लोग घायल हो गए। इसमें गंभीर रूप से घायल सात लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान गंभीर घायल लहबड़ी निवासी हासिब 28 की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का सीएचसी रमियाबेहड़ में इलाज किया गया। वहीं सात गंभीर घायल राकेश 30 वर्ष निवासी होलागढ़, रीना देवी 29 वर्ष निवासी अघरा, जय प्रकाश 60 वर्ष, शमा देवी 60 वर्ष निवासी जोधापुरवा, साबिर उर्फ गब्बर 16 वर्ष निवासी लबेदपुर व राकेश कुमार 30 वर्ष निवासी हिलडोना आदि को जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। शेष सभी घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद उनके घर भेज दिया गया है। हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिवार में मातम पसरा है।
विज्ञापन

बुधवार की सुबह सात बजे हादसा हुआ था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सात घायलों को जिला अस्पताल व अन्य को सीएचसी में इलाज के लिए भेजा। एक की मौके पर, जबकि एक की जिला अस्पताल में मौत हुई है। 26 अन्य घायल हैं। ट्रक को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है। मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा गया है।
- टीएन दुबे, सीओ धौरहरा

हरदुआ नाले से ट्रक बाहर निकालती क्रेन।

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें