मैगलगंज में प्राइवेट बस ने दो युवकों को रौंदा, पलिया के पास घायल युवक की लखनऊ में मौत
मैगलगंज, मोहम्मदी और भीरा क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई
मैगलगंज। थाना क्षेत्र के गांव खूंटी बुजुर्ग स्थित अपनी ससुराल आया युवक मंगलवार की देरशाम गांव के ही एक अन्य युवक के साथ बाइक से औरंगाबाद बाजार जा रहा था, तभी खूंटी पुलिया के पास प्राइवेट बस ने दोनों बाइक सवार युवकों को रौंद दिया, जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पसगवां थाना क्षेत्र के गांव सहजना निवासी 30 वर्षीय हरिवंश मंगलवार को अपनी ससुराल खूंटी बुजुर्ग आया था। शाम को हरिवंश खूंटी बुजुर्ग गांव के ही 17 वर्षीय शाकिर के साथ बाइक से औरंगाबाद बाजार जा रहा था, तभी खूंटी पुलिया के पास तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने दोनों को रौंद दिया। दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने शाकिर को मृत घोषित कर दिया। जबकि हरिवंश की लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
अमीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुंभी अमीरनगर के बीच हुए सड़क हादसे में पिकअप ने 30 वर्षीय युवक मुनेश कुमार को कुचल दिया, उसे जख्मी हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक बरम बाबा स्थान पर सेवादार था।
मंगलवार की रात 11 बजे के करीब धान बेचकर आ रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने बरम बाबा पर हो रही श्रीमद्भागवत कथा में चंदा देने के लिए सेवादार मुनेश कुमार को बुलाया, वह ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार व्यक्ति से चंदा ले रहा था, तभी मोहम्मदी की ओर से आ रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह जख्मी हो गया, उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मुनेश कुमार की मौत से पुजारी नागेश्वर गिरि ने बरमबाबा स्थान पर हो रही श्रीमद्भागवत कथा स्थगित कर दी। मृतक के मासूम बच्चों शिवानी (6), आदेश (4), पत्नी अनीता और पिता रामपाल का रो रो कर बुरा हाल है। पिकअप रोड के किनारे एक गड्ढे में गिर गई। मौका पाकर पिकअप तथा ट्रैक्टर के चालक फरार हो गए।
बिजुआ। मंगलवार को पलिया क्षेत्र में बाइक दुर्घटना में घायल भीरा थाना के गांव पड़रिया तुला निवासी 24 वर्षीय बबलू शर्मा की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। बबलू को सिर में चोट आने के कारण लखीमपुर से लखनऊ रेफर कर दिया गया था, लखनऊ में बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। वह मंगलवार को अपने गांव के ही साथी के साथ निघासन की ओर जा रहा था। तभी सरखना के पास दूसरी बाइक से टकराने पर वह घायल हो गया था।
ख़मरिया। खीरी थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी 60 वर्षीय मीना देवी पत्नी मेवालाल अपनी गर्भवती बहू को ठेलिया से खमरिया अस्पताल इलाज के लिए ला रही थी। रास्ते में संतोषी माता मंदिर के पास पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में मीना देवी का दायां पैर टूट गया और सिर में गंभीर चोटें आईं। मीना को परिवार वालों ने इलाज के लिए खमरिया सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।