दुधवा नेशनल पार्क क्षेत्र के किशनपुर रेंज में झादी ताल के पास बाघ के एक शावक का आधा सड़ा हुआ शव मिला है। अफसरों के मुताबिक शावक की उम्र लगभग एक साल है। शव की हालत देखकर लग रहा है कि उसकी मौत 48 घंटे पहले हुई होगी। अफसरों के मुताबिक मौके पर दूसरे बाघ के पंजे के निशान मिलने से अनुुमान है कि उसे किसी वयस्क नर बाघ ने मारा है। मौत का कारण जानने को शावक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
रविवार को किशनपुर जंगल से सटे भीरा रेंज के गन्ने के खेत में रविवार को एक व्यस्क बाघ का शव मिलने के बाद अगले दिन एक शावक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
दुधवा टाइगर रिजर्व के किशनपुर सेंक्चुरी क्षेत्र में झादी ताल के निकट बने मचान नंबर एक के पास सुबह पेट्रोलिंग दस्ते ने एक स्थान पर घास के दबी होने और वहां संघर्ष के निशान मिलने के बाद जब करीब से देखा तो कुछ दूरी पर एक शावक का शव पड़ा हुआ था।
मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों के मुताबिक, बाघ शावक के पिछले हिस्से का मांस गायब और सड़ा हुआ था। उसका पिछला पैर भी शरीर से अलग हुआ पड़ा था। दुधवा नेशनल पार्क के उप निदेशक पीपी सिंह ने बाघ शावक का शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि वह एक कार्यशाला के सिलसिले में जिले से बाहर हैं, शावक की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने फोटो और वीडियो मंगाकर देखे हैं, वहीं वार्डेन कल्पनाथ और रेंजर रामबरन यादव से बात भी हुई है।
आशंका है कि शावक की मौत किसी नर बाघ के हमले में हुई है। इसके अलावा मौत के दूसरे कारण जानने के लिए शावक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईवीआरआई बरेली भेजा जा रहा है।