जिला अधिवक्ता संघ के लिए तीन दिनों से चल रही नामांकन प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। इस बार अध्यक्ष और मंत्री पद के लिए चार-चार प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की है। इन्हें मिलाकर विभिन्न पदों के लिए कुल 32 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए महीने भर से चल रही उठापटक सोमवार को पूरे चरम पर दिखी। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन होने के चलते प्रत्याशी पूरी तैयारी मेें दिखे। अध्यक्ष पद के लिए चंद्रमोहन सिंह और अनिल चंदेल, पिछला चुनाव भी लड़ चुके हैं जबकि नए प्रत्याशी के रूप में इस बार अनूप यादव और अनुराग तिवारी ने भी अपनी दावेदारी पेश की है।
इसी तरह महामंत्री पद के लिए अशोक शुक्ला और हेमंत गुप्ता पुराने प्रत्याशी के रूप में इस बार भी चुनाव मैदान में हैं, वहीं सतीश चंद्र त्रिपाठी, विजय प्रताप सिंह भी नए प्रत्याशी होने के बावजूद दमखम से दावेदारी पेश कर रहे हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए मोहम्मद सिद्दीक खां और अनिल सक्सेना के साथ इस बार नए प्रत्याशी प्रमोद सिंह ने अपनी दावेदारी की है।
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए राजेश मिश्र और प्रदीप चौधरी दोनों ही नए चेहरे हैं, इसी तरह कोषाध्यक्ष पद के लिए पुराने प्रत्याशी संजय राय के साथ ही नए दावेदार रमेश मौर्य चुनाव मैदान में हैं।
वहीं संयुक्त मंत्री के तीन पदों के लिए पुराने प्रत्याशी सौरभ दीक्षित, विजय पाल वर्मा, संजीव गुप्ता, संजय अवस्थी के साथ नए दावेदार के रूप में अजय श्रीवास्तव, जाहिद अली, मुनेंद्र त्रिपाठी, रमेश कुमार ने भी मजबूती से अपना दावा पेश किया है। जबकि गवर्निंग कौंसिल सदस्य के लिए श्याम किशोर वर्मा, घनश्याम त्रिवेदी, चंद्रभाल आर्य, शमशुललका सिद्दीकी ने वरिष्ठ वर्ग के लिए तो हरीओम श्रीवास्तव, अशोक अवस्थी, उत्तम कुमार राज, मुवश्शिर खां ने कनिष्ठ वर्ग के लिए चुनाव मैदान में हैं।