मछली पालन को बढ़ावा देने और लोगों को रोजगार उपलब्ध के उद्देश्य से शासन ने जिले में 10 हेक्टेयर जलक्षेत्र (तालाब) विकसित करने का निर्देश दिया है। राज्य योजना के तहत मछली पालन करने वाले लाभार्थियों को शासन से एक लाख रुपये अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए मत्स्य विभाग ने इच्छुक लोगों के आवेदन लेना शुरू कर दिया है।
सहायक निदेशक मत्स्य अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2015-16 में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए शासन से जलक्षेत्र विकसित करने का निर्देश मिला है। एक तलाब एक हेक्टेयर में बनाया जाएगा। एक तालाब को विकसित करने के लिए 1.25 लाख की लागत आती है। सहायक निदेशक ने बताया कि राज्य योजना में लाभार्थियों का चयन कर उन्हें शासन से एक लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। ताकि मछली पालक को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। जिले में तालाबों और लाभार्थियों के चयन का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
एक और मोबाइल फिश पार्लर को मंजूरी
शासन ने जिले में एक और मोबाइल फिश पार्लर चलाने की मंजूरी दी है। इसके तहत लाभार्थी को शासन से साढ़े पांच लाख की धनराशि में 1.65 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। जिला मुख्यालय पर मत्स्य विभाग द्वारा दो फिश पार्लर चलाए जा रहे हैं। तीसरे मोबाइल फिश पार्लर के लिए लाभार्थी का चयन करने के बाद गोला या पलिया में चलाए जाने की तैयारी की जा रही है।