एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक को भी नष्ट कराया
होली के चलते खाद्य टीम ने छापेमारी कर दो दुकानों से नमूने भरे। इसके अलावा एक होटल पर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक को भी नष्ट किया। छापेमारी से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके भाग गए। व्यापारियों ने खाद्य टीम पर पक्षपात का आरोप लगाया है।
खाद्य सुरक्षाधिकारी एके पाठक, खाद्य निरीक्षक एमपी सिंह आदि ने पलिया रोड स्थित विनोद मिष्ठान भंडार से मिठाई का सैंपल लिया। उसके बाद टीम ने इसी दुकान से एक्सपायरी डेट की कोल्ड़ ड्रिंक की बोतले बरामद की। टीम ने उन बोतलों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। उसके बाद श्याम बिहारी की मीठे की दुकान में रखे खोवे का नमूना लिया। उसके बाद अजय गुप्ता के होटल में गंदगी को देखकर उसे कड़ी फटकार लगाई और साफ-सफाई रखने के सख्त निर्देश दिया। व्यपारियों का आरोप है कस्बे में चार दर्जन से अधिक होटल संचालित हैं। टीम ने सिर्फ तीन होटलों में छापामारी की। उधर खाद्य निरीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि शाम हो जाने के कारण अन्य दुकानों से सैंपल नहीं भरे जा सके थे। किसी अन्य दिन छापेमारी कर अन्य दुकानों से सैंपल लिए जाएंगे।
पलिया-भीरा में दो नमूने भरे
लखीमपुर खीरी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को पलिया नगर में छापेमारी कर दो दुकानों से नमूने भरे हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमपी सिंह के नेतृत्व में टीम ने सिंघल इंटरप्राइजेज से हल्दी पाउडर का नमूना भरा। इसके बाद भीरा बाजार में घनश्याम दास की दुकान से कचरी का नमूना लिया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनूप सिंह और आदित्य वर्मा शामिल रहे। अभिहित अधिकारी डॉ. अमर सिंह वर्मा ने बताया कि होली तक जिले भर में छापेमार अभियान जारी रहेेगा।