फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: बाढ़ ने उजाड़े घर, ट्रॉली पर सिमटी गृहस्थी

Fri, 28 Aug 2026 11:51 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
बाढ़ से प्रभावित जीतपुरवा निवासी सुरेंद्र का परिवार ट्राॅली पर सहारा लिए। संवाद
विज्ञापन
निघासन। शारदा नदी का जलस्तर घटने के बाद भी बाढ़ प्रभावित गांवों में लोगों की मुश्किलें बरकरार हैं। घरों में पानी भरा होने से जीतपुरवा समेत कई गांवों के परिवार सुरक्षित ठिकाने की तलाश में हैं।
विज्ञापन

जीतपुरवा में कई परिवार किसानों की ट्रॉलियों पर तिरपाल डालकर रह रहे हैं। इसी में खाना बनाने और रात गुजारने की मजबूरी है। जीतपुरवा निवासी पूजा देवी ने बताया कि घर में पानी भरने के बाद वह किसान की ट्रॉली पर तिरपाल डालकर परिवार के साथ रह रही हैं। यहीं खाना बनाना और रात गुजारना पड़ रहा है।
चारों ओर पानी होने से सांप, मगरमच्छ और अन्य जंगली जानवरों का खतरा भी बना हुआ है। प्रशासन की ओर से लंच पैकेट मिल रहे हैं, जिससे भोजन की समस्या कुछ हद तक दूर हो रही है। परिवार के रहने की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है।
विज्ञापन

जीतपुरवा निवासी दीपू पत्नी और दो बच्चों के साथ ट्रॉली पर तिरपाल के नीचे रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास और स्वच्छ शौचालय योजना का लाभ नहीं मिला है। राशन कार्ड में चार सदस्यों के बजाय केवल दो यूनिट दर्ज हैं। घर में पानी भरा होने तक दूसरे के दरवाजे पर ट्रॉली खड़ी कर परिवार के साथ गुजारा करना पड़ रहा है।
यहीं के निवासी सुरेंद्र का परिवार भी गृहस्थी का सामान ट्रॉली पर समेटकर रह रहा है। घर में पानी भरे रहने तक सुरक्षित स्थान और भोजन की व्यवस्था करना परिवार के सामने चुनौती बनी हुई है।
शारदा नदी की बाढ़ से निघासन क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांव प्रभावित हैं। लुधौरी आंशिक के नया पुरैना और पुराना पुरैना, गोविंदपुर, रानीगंज, सेमरापुरवा, शिवलालपुरवा, बिहारीपुरवा, अंबरपुरवा, दौलतापुर के हुलासीपुरवा और सुरजीपुरवा, बैलहा के चंदनपुरवा, जीतपुरवा, ठाकुरपुरवा, झौव्वापुरवा, खमरिया, मंडप फार्म और तमोलिनपुरवा समेत अन्य गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचा है।

दूषित पानी के इस्तेमाल की मजबूरी
बाढ़ का पानी प्राथमिक विद्यालय परिसर के अलावा सरकारी और घरेलू नलों तथा पानी की सप्लाई वाली टोंटियों तक पहुंच गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इससे पीने के पानी की समस्या पैदा हो गई है। मजबूरी में दूषित पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इससे संक्रमण और वायरल बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।

जलस्तर घट रहा, राहत कार्य जारी : एसडीएम
एसडीएम यदुवीर सिंह ने बताया कि शारदा नदी का जलस्तर लगातार कम हो रहा है। बाढ़ प्रभावित गांवों में प्रशासन की टीमें निगरानी कर रही हैं। जरूरत के अनुसार भोजन और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। पेयजल की समस्या वाले गांवों में भी आवश्यक व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें