फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: धौरहरा के 50 गांवों में बाढ़ का कहर, 30 हजार की आबादी प्रभावित

Fri, 05 Sep 2025 11:06 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
रुद्रपुर गांव में भूकटान करती घाघरा नदी। स्रोत: ग्रामीण
विज्ञापन
धौरहरा (खीरी)। बनबसा बैराज से पास किए गए पानी से शारदा और घाघरा नदी में शुक्रवार को भी उफान कम नहीं हुआ। तहसील क्षेत्र के करीब पचास गांवों में बाढ़ का कहर है। इनमें रह रही लगभग 30 हजार की आबादी प्रभावित है। वहीं, समदहा बंधा फटने से रेहुआ बसंतापुर मार्ग बाधित हो चुका है। हरदी गांव के पास सड़क पर पानी भरा होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह से जलस्तर में कमी आनी शुरू हो गई है।
विज्ञापन


शारदा और घाघरा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इस वजह से मड़वा, संतरामपुरवा, कैरातीपुरवा, बनटुकरा, बंशीबेली, मांझासुमाली, चहलार, नयापुरवा, चिकनाजती, रैनी समदहा, सरगड़ा, हरदी और खगियापुर व मिलिक सहित करीब पचास गांवों में पानी भरा हुआ है।
बाढ़ पीड़ितों के घरों में रखा अनाज भीगने से खराब हो चुका है। बचे हुए राशन से बाढ़ पीड़ित चारपाई और बैलगाड़ी पर खाना बनाकर जीवनयापन कर रहे हैं। हालांकि, तहसील प्रशासन भी इन बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए गांवों में पहुंचकर लंच पैकेट वितरित कराने में जुटा हुआ है। तहसीलदार आदित्य विशाल व एसडीएम शशिकांत मणि स्वास्थ्य टीम के साथ पानी में उतरकर बाढ़ पीड़ितों तक मदद पहुंचा रहे हैं।
विज्ञापन

देर रात तक चला रेस्क्यू अभियान
धौरहरा तहसील क्षेत्र में भीषण बाढ़ की वजह से समदहा गांव के पास शारदा नदी का बंधा बुधवार शाम फट गया था। इससे समदहा सहित करीब बीस गांव प्रभावित हो गए। नदी के तलहटी वाले नयापुरवा गांव में करीब 50 लोग बाढ़ में फंस गए थे। तहसीलदार आदित्य विशाल की मौजूदगी में पीएसी की फ्लड यूनिट ने सभी को सुरक्षित निकालकर राहत शिविर में रसूलपुर में रखा है।
-
नारीबेहड़ और रुद्रपुर गांव की सौ एकड़ जमीन नदी में समाई


तहसील क्षेत्र में एक तरफ जहां पचास गांवों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। वहीं, नारीबेहड़ और रुद्रपुर गांव की करीब सौ एकड़ से अधिक भूमि फसलों सहित नदी में समा चुकी है। इन गांवों में नदी निरंतर भू-कटान करती आगे बढ़ रही है। अब तक इन गांवों में बाढ़ खंड ने कोई बचाव कार्य नहीं किया है। किसान बेबस हैं। एसडीएम शशिकांत मणि ने बताया कि बचाव कार्य तेज बहाव में संभव नहीं है, फिर भी बाढ़ खंड अधिकारियों से कहा गया है। जिन किसानों की भूमि कटी है, सर्वे के बाद उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।
बाढ़ पीड़ितों को बांटे लंच पैकेट
एसडीएम शशिकांत मणि, तहसीलदार आदित्य विशाल और नायब तहसीलदार सहित लेखपाल शशांक शुक्ला की टीम ने लुधौनी, प्रीतम पुरवा, बनटुकरा, बंशीबेली, बहेलियनपुरवा, खगियापुर, मिलिक, मांझासुमाली, चहलार, रैनी, समदहा, मड़वा, संतरामपुरवा, सहित बाढ़ प्रभावित करीब तीस गांवों में सात हजार लंच पैकेट वितरित किए। धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी समदहा गांव पहुंचे और बाढ़ पीड़ितों को लंच पैकेट का वितरण किया।

रुद्रपुर गांव में भूकटान करती घाघरा नदी। स्रोत: ग्रामीण

रुद्रपुर गांव में भूकटान करती घाघरा नदी। स्रोत: ग्रामीण

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें