फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

Fri, 08 Aug 2025 11:23 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
मझगईं के त्रिलोकपुर में भरा पानी। संवाद
विज्ञापन
निघासन। लगातार हो रही बारिश और बनबसा बैराज से छोड़े गए पानी ने निघासन क्षेत्र के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाढ़ का पानी गांवों में भर गया है। शारदा नदी से सटे करीब एक दर्जन गांव जलमग्न हो गए हैं। खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूब चुकी हैं।
विज्ञापन

पलिया की ओर से आए बाढ़ के पानी ने निघासन क्षेत्र के हुलसीपुरवा, दौलतापुर, टापरपुरवा, मुन्नापुरवा, मदनापुर, लालबोझी समेत देर शाम लुधौरी पंचायत के पुरैना, लुधौरी और रानीगंज में भी दस्तक दे दी। बाढ़ का पानी घरों में घुसने लगा तो ग्रामीण अपना-सामान समेटकर टापू जैसे ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करने लगे। तहसील मुख्यालय जाने वाले मार्ग पर कमर तक पानी बह रहा है। लेखपाल ने प्रभावित गांवों में नाव की व्यवस्था कराने की बात कही है।
बम्हनपुर के नौगंवा निवासी राजेश कुमार ने बताया, बम्हनपुर से निघासन जाने वाला मार्ग तेज बहाव में डूब गया है। इससे तहसील मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। प्रशासन की ओर से अब तक पीड़ितों से कोई संपर्क नहीं किया गया है। लोग ट्यूब में हवा भरकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन

-
गावों में भरा बाढ़ का पानी, बढ़ी ग्रामीणों की दिक्कतें


बिजुआ। शारदा नदी का जलस्तर घटने से बाढ़ में थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन क्षेत्र में बारिश होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गांवों के अंदर शारदा नदी का पानी भरा हुआ है। घरों में राशन, गैस सिलेंडर जैसी उपयोगी वस्तुएं समाप्त हो गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग सिर्फ खाना पूर्ति करने के लिए बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में दवाएं वितरण कर रहा है। पीने के पानी की भी बहुत दिक्कत हो गई है। बझेड़ा, करसौर, बेलहा सिकटिहा, हजूरपुरवा, रड़ाबाजार, चकपुरवा, कोरियाना रूरासुल्तानपुर, तनसुखपुरवा, मुड़िया पूजागांव में पानी भरा होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को बाढ़ राहत चौकी पूजागांव अषाढ़ी से लंच पैकेट बांटे गए। रूरासुल्तानपुर मेंं 1000, बेलहा सिकटिहा, कोरियाना, करसौर में 300 और मुड़िया पूजागांव में 500 तथा जौहरा गुजारा नई बस्ती में 1000 पैकेट बांटे गए। संवाद
-
ग्राम पंचायत जसनगर में लगा बाढ़ राहत चिकित्सा शिविर



निघासन। जसनगर में शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी जांच कराई। मौके पर निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
शिविर में डॉ. मनोज वर्मा व उनकी टीम ने बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों को लेकर ग्रामीणों की जांच की और जरूरी परामर्श दिया। डॉ. वर्मा ने कहा बारिश के मौसम में दूषित पानी से बीमारियां तेजी से फैलती हैं। ऐसे में पीने का पानी उबालकर ही उपयोग करें और सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने ग्रामीणों को मच्छरदानी का प्रयोग करने, घरों के आसपास पानी जमा न होने देने तथा बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी। संवाद

बारिश में नौगवां जाने वाला मार्ग बन गया नहर


मझगईं। कस्बा में हुई हल्की बरसात से त्रिलोकपुर में नौगवां कस्बा जाने वाले मुख्य मार्ग नहर बन गया। इसपर जान जोखिम में डालकर लोग निकलने के लिए मजबूर हुए।
त्रिलोकपुर के ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक साल से नालियों की सफाई न होने से नालियां गंदगी से पटकर चोक हो गईं हैं। जिससे पानी न निकल पाने से बारिश व घरों का पानी मुख्य रास्ते पर भरा रहता है। जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी काफी दिक्कतें होती हैं। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार प्रधान से लेकर अधिकारियों व मुख्यमंत्री पोर्टल तक शिकायत की है लेकिन समस्या पर किसी ने ध्यान नहीं दिया है। ग्रामीणों ने डीएम से सड़क पर हुए जलभराव से निजात दिलाने की मांग की है। संवाद

घरों में भरा दो फिट पानी, प्रशासन ने बटवाए लंच पैकेट

धौरहरा। क्षेत्र के 20 गांव शारदा और घाघरा नदी के बढ़ते जल स्तर से जलमग्न हो चुके हैं। घरों में दो फिट तक पानी भर चुका है। कुछ बाढ़ पीड़ित टहारा बंधे पर आ चुके हैं। जबकि शेष लोगों को तहसील प्रशासन बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचाने का काम कर रहा है।
बाढ़ का पानी गोड़ियाना, बंगाली कालोनी, रंजीतनगर, डुंड़की, मांझासुमाली, चकदहा, कैरातीपुरवा, ओझापुरवा, गौढ़ी, करिमापुर, परसा, चहलुआ, राम लोक, जंगल सुजानपुर, नौबस्ता, मूड़ी सहित करीब 20 गांवों में भर गया है। घरों में पानी भरने से आनाज और घरेलू सामान भीग गया है। शुक्रवार को बाढ़ राहत केंद्रों से लंच पैकेट बनवा कर प्रभावित गांवों वितरित कराए गए। गोड़ियाना और बंगाली कालोनी के बाढ़ पीड़ित परिवार सहित बंधे पर आ गए हैं। तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया कुछ बाढ़ पीड़ित टहारा बंधे पर आ गए हैं। शेष को राहत शिविरों में पहुंचाने की बात चल रही है। घरों में नाव से लंच पैकेट भेज रहे हैं। नाव के साथ गोताखोरों को भी लगाया गया है। संवाद

गोड़ियाना में 45 बाढ़ पीड़ित परिवारों को बांटी राशन किट



धौरहरा। तहसील क्षेत्र के गांव गोड़ियाना के मजरा टहारा के बाढ़ प्रभावित 45 परिवारों को तहसील प्रशासन ने राशन किट वितरित की। धौरहरा तहसील क्षेत्र के गांव टहारा गांव में पानी भरने की वजह से बाढ़ प्रभावित लोग बंधे पर परिवार सहित रह रहे हैं। ऐसे 45 बाढ़ प्रभावित परिवारों को विधायक शशांक वर्मा, एसडीएम शशिकांत मणि और तहसीलदार आदित्य विशाल ने राशन किट वितरित की। संवाद

मझगईं के त्रिलोकपुर में भरा पानी। संवाद

मझगईं के त्रिलोकपुर में भरा पानी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें