बांकेगंज चौकी पर पुलिस के कब्जे में अवैध खनन की ट्रैक्टर-ट्राली। स्रोत- स्वयं।
बांकेगंज। खनन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर थाना मैलानी क्षेत्र में खनन कर रही पांच ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को सीज कर दिया है।
कुकरा और बांकेगंज चौकी क्षेत्र की सीमा पर गोला वन रेंज क्षेत्र से कुछ दूरी पर कुछ लोग जेसीबी मशीन के जरिये खनन कर रहे थे। खनन निरीक्षक आशीष सिंह और स्थानीय पुलिस की टीम ने बृहस्पतिवार रात दो बजे छापा मारकर मिट्टी से भरी पांच ट्रैक्टर-ट्राॅलियां सीज कर दीं।
जबकि जेसीबी मशीन चला रहा चालक मौका पाते ही फरार हो गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रात दो से सुबह पांच बजे तक बेखौफ माफिया धड़ल्ले से खनन करते हैं। ट्रैक्टर-ट्राॅलियों के शोर से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इससे परेशान लोगों ने माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।