लखीमपुर खीरी। बृहस्पतिवार रात आए आंधी-तूफान ने जिले में भारी तबाही मचाई है। पेड़, दीवार, मकान गिरने से 75 वर्ष की महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई, आठ लोग घायल हो गए। पेड़ और बिजली के खंभे गिरने 1500 गांवों की बिजली अभी तक गुल है। मैलानी क्षेत्र में रेलवे की ओएचई बिजली लाइन बाधित होने से पांच ट्रेनों के पहिये थम गए। वहीं, दिल्ली हाईवे समेत कई सड़कों पर आवागमन प्रभावित रहा।
थाना पढ़ुआ क्षेत्र के दरेरी गांव निवासी घनश्याम गिरी (40) पुत्र बड़े लाल गिरि की कार पर फूलबेहड़ क्षेत्र में अंदेशनगर के समीप पेड़ गिर गया। हादसे में उनकी मौत हो। पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। फरधान क्षेत्र के गांव लोनिपुरवा निवासी इंद्रपाल 60 की दीवार के नीचे दबने से मौत हो गई। अलीगंज क्षेत्र के ग्राम बिलासपुर निवासी 75 वर्षीय फूलमती भी दीवार के नीचे दब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।
थाना हैदराबाद के ग्राम बेलवा निवासी 38 वर्षीय विकास वर्मा पुत्र हरिद्वार लाल की दीवार के मलबे में दबने और इमलिया गांव निवासी विनोद कुमार के ऊपर विशालकाय पेड़ गिरने से मौत हो गई। नीमगांव क्षेत्र के गांव रोशन नगर में एक मकान भरभराकर गिर गया। जिसमें फखरुद्दीन 35 वर्ष, उनकी पत्नी नसीम बानो 30 वर्ष, सलमान पांच वर्ष, अरमान छह माह उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।