ऊषा फार्म में जले घर निहारते लोग। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
कुकरा (लखीमपुर खीरी)। ग्राम पंचायत खजुहा के मजरा ऊषा फार्म में दोपहर आग लगने से छह घर राख हो गए, जिनमें नकदी सहित लाखों की संपत्ति राख हो गई। पशुशाला में बंधा एक मवेशी भी झुलस गया। आग कैसे लगी इस बात का खुलासा नहीं हो सका।
ग्राम पंचायत खजुहा के ऊषा फार्म में दोपहर मुजफ्फर के घर में पड़े छप्पर में पीछे से आग लग गई। जिससे मुजफ्फर, जफरुल्ला, नवाब, हनीफ, मुनीश और मुसाफिर के घर जल गए। आग से इन घरों में साइकिल, गेहूं, कपड़े, बर्तन, गैस सिलिंडर, बिस्तर, चारपाई आदि जल गए। मुजफ्फर की पत्नी ताहिरा ने बताया कि गेहूं बिक्री से मिले 20 हजार रुपये रुपये रखे थे वह भी जल गए। तेज हवाओं के कारण आग की तेज लपटों से सात ट्रॉली भूसा और पशुशाला में बंधा एक पड्डा भी बुरी तरह से झुलस गया। आग की लपटों की वजह से परिवार के लोग घर से कोई सामान नहीं निकाल सके। सिर्फ अपनी जान बचाकर ही भाग पाए। लोगों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया। जिससे अन्य घरों को बचा लिया गया।
गांव वाले बताते हैं कि मुजफ्फर का घर सड़क के किनारे होने से अनुमान लगाया जाता है कि किसी ने बीड़ी पीकर छप्पर पर डाल दी, उसी से आग लगी। ग्राम प्रधान कमरुद्दीन ने आग लगने की सूचना लेखपाल को देकर पीड़ितों को शासकीय सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।