ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव छितौनियां निवासी दुर्गेश वर्मा (21) ने शनिवार रात गांव के बाहर पेड़ से रस्सी का फंदा डालकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना को प्रेम प्रसंग का मामला बता रही है।
गांव छितौनियां निवासी सुरेश कुमार वर्मा का बेटा दुर्गेश पिता के साथ खेती करने में मदद करता था। परिजनों के मुताबिक शनिवार देर शाम वह घर से अचानक कहीं चला गया। देर रात तक वापस न आने पर खोजबीन की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर एक पेड़ पर लटका मिला। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों की चीखपुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर जाकर घटना को लेकर परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्गेश ने आत्महत्या क्योंकि इसको लेकर परिजन भी कारण नहीं बता सके। वहीं एसओ सुनीत कुमार ने बताया कि जानकारी मिली कि दुर्गेश का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिससे वह शादी करना चाहता था। लेकिन परिवार वाले इससे सहमत नहीं थे। ऐसी चर्चा गांव में भी है। इसी वजह से युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। युवती कौन और कहां की रहने वाली है पुलिस छानबीन कर रही है।