वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करते हुए डीएम-एसपी। स्रोत सूचना
लखीमपुर खीरी। जिले में यूरिया को लेकर हाहाकार मचे हुए एक माह होने को है, लेकिन जिला प्रशासन की सख्ती अब नजर आई है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा ने बृहस्पतिवार को एनआईसी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एसडीएम, सीओ और एसएसबी के तीनों बटालियन कमांडेंट के साथ बैठक कर खाद संकट से निपटने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा कि खाद वितरण व्यवस्था में लापरवाही व अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम को निर्देश दिए कि सोसाइटी पर लेखपाल और राजस्व निरीक्षकों लगाया जाए और किसानों को खाद खतौनी देखकर ही दें। डीएम ने यह भी कहा टैगिंग या ओवररेटिंग पर निजी विक्रेताओं का लाइसेंस रद्द कर एफआईआर कराएं।
एसडीएम खुद फील्ड में जाएं और देखें। डीएम ने भारत-नेपाल सीमा पर उर्वरक की तस्करी न हो, इसको लेकर सख्ती दिखाई। एसएसबी की 39वीं, 70वीं और तृतीय बटालियन के कमांडेंट को निर्देश दिए कि सीमा पर कड़ी निगरानी रखी जाए। यूरिया की एक भी बोरी सीमा पार नहीं जानी चाहिए, वाहनों की सघन चेकिंग हो। एसपी ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को समितियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।