लखीमपुर। जमीन के सौदे में धोखाधड़ी के मामले में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रेहान खान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पलिया निवासी पीड़ित ने उनके दो पुत्रों को भी नामजद कराया है।
पलिया के मोहल्ला अहिरान-एक निवासी सीताराम गर्ग ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि दिसंबर, 2021 में उन्होंने ग्राम मुजहा स्थित करीब सात एकड़ भूमि का सौदा रेहान खान और उनके पुत्रों सुजेब तथा सुहेब खान से किया था। यह सौदा 68 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से कुल 5,27,68,000 रुपये में तय हुआ था।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने बयाने के तौर पर और उसके बाद किस्तों में गवाहों के सामने कुल 50 लाख रुपये नकद दिए थे। सीताराम का आरोप है कि रेहान ने धोखाधड़ी करते हुए 36,20,000 रुपये लेकर एक समझौता पत्र लिखा लेकिन न तो जमीन का बैनामा किया और न ही रुपये वापस किए।
अप्रैल, 2023 में अनुबंध की मियाद खत्म होने के बाद जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी दबंगई पर उतर आए। उन्होंने रुपये लौटाने से साफ इन्कार कर दिया और पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। पलिया पुलिस ने रेहान खान, सुजेब खान और सुहेब खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाल ही में रेहान पर मैलानी थाने में भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था।
-
सीताराम गर्ग की तहरीर पर रेहान खान पर बीएनएस के तहत धोखाधडी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। -जितेंद्र परिहार, सीओ, पलियाकलां
-
पूरे मामले में लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। विपक्षी ने पुलिस को बरगलाकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
रेहान खान, सपा नेता